नोएडा में बीते कुछ दिनों में विभिन्न अपराधों की घटनाओं ने स्थानीय लोगों को चिंतित कर दिया है। बाइक सवार बदमाशों द्वारा मोबाइल फोन छीनना, नाबालिग छात्रा का लापता होना और बिना लाइसेंस के शराब परोसने वाले कैफे की जांच की गई है। पुलिस ने सभी मामलों में कार्रवाई शुरू कर दी है। चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला? Noida News
बाइक सवार बदमाशों ने तीन लोगों से छीना मोबाइल
नोएडा के अलग-अलग स्थानों से बाइक सवार बदमाशों ने युवती सहित तीन लोगों से मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मूल रूप से प्रयागराज के रहने वाले शिवाकांत पटेल ने थाना फेस दो में अपना मोबाइल फोन छीने जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह वर्तमान में सेक्टर 87 स्थित नया गांव में किराए पर रह रहा है और वह एक निजी कंपनी में जॉब करता है।
3 सितंबर को वह ड्यूटी खत्म करने के बाद कंपनी से बाहर निकला। इस दौरान उसने अपने परिचित से बात करने के लिए जेब से मोबाइल फोन निकाला। पीछे से बाइक पर आए दो युवक उसके हाथ से मोबाइल फोन छीन कर फरार हो गए। उसने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़े।
थाना सेक्टर 20 क्षेत्र में 5 सितंबर की रात्रि को बाइक सवार बदमाशों ने राहुल कुशवाहा का मोबाइल फोन छीन लिया। राहुल कुशवाहा ड्यूटी खत्म करने के बाद न्यू अशोक नगर स्थित अपने कमरे पर जा रहा था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वहीं थाना बीटा दो क्षेत्र में ड्यूटी के लिए जा रही युवती से बाइक सवार दो लडक़े व एक लड़की ने मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। औरंगाबाद जनपद बुलंदशहर की रहने वाली संजना ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह घर से कंपनी में काम करने के लिए आ रही थी। इस दौरान सुनसान जगह पर डिस्कवर बाइक पर आए दो युवक व युवती ने उसके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। उसने इस घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी। पुलिस का कहना है कि पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और बदमाशों की तलाश की जा रही है।
नौवीं की छात्र लापता
नोएडा के थाना सेक्टर-24 क्षेत्र से नौवीं कक्षा की छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। पिता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। गिझोड गांव में किराए पर रहने वाले विमलेश (काल्पनिक नाम) ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी बेटी नौवीं कक्षा की छात्रा है। 31 अगस्त की सुबह वह घर से बिना बताए कहीं चली गई। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और किशोरी की तलाश की जा रही है।
कैफे में बिना बार लाइसेंस शराब परोसने का मामला
नोएडा के सेक्टर-104 हाजीपुर गांव स्थित टोनिका हाउस कैफे में बिना बार लाइसेंस के अवैध रूप से शराब पिलाने के आरोप में आबकारी विभाग द्वारा कार्रवाई की गई है। बिना लाइसेंस के जाम छलकवाने के आरोप में थाना सेक्टर 39 पुलिस ने कैफे के प्रबंधक को गिरफ्तार किया है। कैफे से शराब भी बरामद हुई है। आबकारी विभाग सर्किल दो क्षेत्र के निरीक्षक संजय कुमार को सूचना मिली कि सेक्टर 104 स्थित टोनिका हाउस कैफे में बिना एफ एल 11 ऑकेजनल बार लाइसेंस के शराब पिलाई जा रही है। सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने कैफे पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान कैफे में लगी टेबलों पर लोग शराब पीते हुए मिले। आबकारी विभाग की टीम को देखकर शराब पी रहे लोगों में भगदड़ मच गई।
आबकारी विभाग की टीम ने काउंटर पर बैठे बलराम सिंह पुत्र समय सिंह निवासी भरतपुर राजस्थान को हिरासत में ले लिया। बलराम सिंह से जब शराब पिलाने का लाइसेंस मांगा गया तो वह नहीं दिखा पाया। आबकारी विभाग की टीम ने कैफे से मैकडॉवेल नंबर 1 के 6 हॉफ, रॉयल स्टैग के 6 हॉफ तथा बियर की खाली कैन, शराब की बोतल बरामद की। इसके बाद आपक विभाग की टीम ने थाना सेक्टर 39 पुलिस को सूचना दी मौके पर पहुंची। पुलिस ने कैफे के प्रबंधक बलराम को हिरासत में ले लिया। आरोपी ने बताया कि वह बिना लाइसेंस के लोगों को शराब पिलाता था। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है।
ससुरालियों ने जबरन करा दी नाबालिग बेटी की शादी
नोएडा के थाना सेक्टर 20 में एक महिला ने अपनी नाबालिक बेटी की जबरन शादी कराने के आरोप में अपने जेठ, जेठानी व भतीजो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पीडि़ता ने आठ लोगों के खिलाफ यह मुकदमा न्यायालय के निर्देश पर दर्ज कराया है। निठारी गांव में किराए पर रहने वाली कोमल (काल्पनिक नाम) ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह अपने परिवार के साथ निठारी में रह रही है। उसका जेठ रामकुमार, जेठानी पार्वती, बाबू दुबे, राधा, पप्पू व उनके बेटे अंकित, उमाशंकर 23 जुलाई 2024 को उसके घर निठारी आए। वह उसकी नाबालिक बेटी को अपने साथ उसके पैतृक गांव ले गए। ससुराल वालों ने उसे आश्वासन दिया था कि वह उसकी बेटी को 15 दिन के बाद नोएडा वापस छोड़ जाएंगे। काफी समय बीतने के बाद जब उसकी बेटी घर नहीं लौटी तो उसने ससुराल वालों से बात की लेकिन उन्होंने कोई संतोषजनक दबाव जवाब नहीं दिया। ज्यादा पूछताछ करने पर ससुराल वालों ने उसे तथा उसके पति को जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता के मुताबिक 23 मार्च 2025 को उसकी उसकी बेटी का फोन आया। उसकी बेटी ने बताया कि इन लोगों ने उसे जबरदस्ती बेच दिया है और उसकी शादी कर दी है। यह लोग उसे जान से मार सकते हैं। उसने इसकी शिकायत थाना सेक्टर-20 पुलिस से की लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़िता के मुताबिक उसने अपनी बेटी के साथ अनहोनी होने की भी आशंका जताई लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। शिकायत पर न्यायालय ने सुनवाई के बाद थाना सेक्टर-20 पुलिस को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने के निर्देश दिए। न्यायालय के निर्देश के बाद पुलिस ने रामकुमार, पार्वती, बाबू दुबे, राधा, अंकित, उमाशंकर, उदयभान पांडे, पप्पू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी का कहना है कि यह मामला न्यायालय के निर्देश पर दर्ज किया गया है और जांच पड़ताल की जा रही है। Noida News