
Noida Latest News (चेतना मंच)। नोएडा की एक पुरानी सब्जी मंडी मामूली बात को लेकर हुए विवाद के बाद जंग का मैदान बन गई। दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। नोएडा के थाना फेस-2 क्षेत्र के भंगेल स्थित पुरानी सब्जी मंडी में दुकान के सामने से फल की ठेली हटाने के विवाद में तीन युवकों ने सब्जी विक्रेता व उसके पिता पर जानलेवा हमला कर उन्हें घायल कर दिया। चाकू से वार करने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
मूल रूप से फर्रुखाबाद निवासी ललिया उर्फ अब्दुल खान ने नोएडा के थाना फेस 2 में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह पुरानी सब्जी मंडी भंगेल में सब्जी बेचने का व्यवसाय करता है। उसके पड़ोस में ही आदिल और मोहसिन फलों की दुकान लगाते हैं। रविवार की शाम आदिल ने अपनी फलों की ठेली उसकी दुकान के सामने लगा दी, उसने जब ठेली हटाने को कहा तो आदिल ने गाली गलौज शुरू कर दी। आस-पड़ोस के लोगों ने मामले में बीच बचाव कराया इसके बाद आदिल वहां से चला गया।
रविवार की देर रात आदिल अपने साथी मोहसिन व आसिफ के साथ मौके पर पहुंचा। आरोपियों ने लाठी-डंडे व चाकू से उस पर हमला बोल दिया। इस दौरान उसे बचाने आए शिवम को आरोपियों ने चाकू मार दिया तथा रामजीवन को पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इस संबंध में पीड़ित ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
Moto GP Race News : भारत में चैंपियन बनने के लिए संतुलन बनाना महत्वपूर्ण, नहीं तो हो जाएगा ‘धोखा’
ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 क्षेत्र के एकांकी एंक्लेव में कुछ लोगों ने पड़ोसी के घर में घुसकर गाली-गलौज व मारपीट की। मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते फरार हो गए। एकांकी एंक्लेव निवासी सौरभ ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि गलत 11 सितंबर की सुबह वह अपने परिजनों के साथ आवश्यक कार्यों में व्यस्त थे। इस दौरान पड़ोस में रहने वाले राहुल, रविंद्र, रिचा, प्रमोद जबरन उनके घर में घुस आए और उसके माता-पिता के साथ गाली-गलौज करने लगे। जब उसने इस बात का विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी डंडों से मारपीट शुरू कर दी। परिजनों को लहूलुहान करने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक चारों आरोपी अपराधिक प्रवृत्ति के हैं। पूर्व में भी आरोपी कई बार मारपीट की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।
ग्रेटर नोएडा के थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के शेनफोर्ड स्कूल के बाहर गाड़ी पार्क करने के दौरान स्कूटी से टच होने पर दो युवकों ने कार सवार को मारपीट कर घायल कर दिया। सेक्टर-120 स्थित आर जी रेजिडेंसी निवासी अभिनव गुप्ता ने बताया कि वह 14 सितंबर को अपने बच्चों को स्कूल से वापस घर ले जाने के लिए शेनफोर्ड स्कूल पहुंचे थे। वह स्कूल के बाहर अपनी कार पार्क कर रहे थे।
इस दौरान उनकी कार एक स्कूटी से टच हो गई स्कूटी सवार दो युवकों ने इस बात को लेकर उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। उन्होंने जब गाली-गलौज का विरोध किया तो दोनों युवकों ने उनके साथ मारपीट की। मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा होते देखकर दोनों युवक स्कूटी से फरार हो गए। मारपीट में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उपलब्ध कराए गए स्कूटी नंबर के आधार पर आरोपियों को की तलाश की जा रही है। Noida Latest News