
नोएडा लेटेस्ट न्यूज : ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। उत्तर प्रदेश के नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा शहर में तीन लोगों की मौत तथा तीन अन्य लोगों के शव मिलने से हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगे की विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
ग्रेटर नोएडा के ग्राम रायपुर में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके से पुलिस को सुसाइड नोट नहीं मिला है जिस कारण आत्महत्या की वजह का पता नहीं चल पाया है। थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि भईपुर गांव में अनूप कुमार विश्वकर्मा पुत्र लाल बहादुर विश्वकर्मा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। अनूप कुमार विश्वकर्मा शादीशुदा था और प्राइवेट कंपनी में काम करता था। मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। वहीं परिजन भी अनूप द्वारा आत्महत्या किए जाने का कोई ठोस कारण नहीं बता पा रहे हैं। प्रारंभिक जान से पता चला है कि अनूप कुमार विश्वकर्मा पिछले कुछ दिनों से मानसिक तौर पर परेशान चल रहा था
ग्रेटर नोएडा के थाना दादरी क्षेत्र के रेलवे रोड पर एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। थाना प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि रविवार को सूचना मिली कि एक युवक ने चलती ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल हुए युवक ने मौके पर दम तोड़ दिया। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंचे पुलिस ने मृतक के शिनाख्त कराई तो उसकी पहचान रूपबास गांव निवासी देव कुमार पुत्र संजय कुमार के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि देव कुमार पारिवारिक कलह की वजह से परेशान था।
ग्रेटर नोएडा के थाना सेक्टर-142 क्षेत्र के मोहियापुर गांव के जंगल में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ पर लटका हुआ मिला। काफी प्रयासों के बावजूद मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस इस मामले को आत्महत्या बता रही है। थाना प्रभारी विनीत राणा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि मोहियापुर गांव के जंगल में पेड़ पर एक युवक का शव फंदे पर लटका हुआ है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवा कर उसकी शिनाख्त का प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। पहचान न होने पर शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के थाना क्षेत्र की पुलिस को अज्ञात शव मिलने की सूचना दे दी गई है। पुलिस जहां इस मामले को आत्महत्या बता रही है वहीं ग्रामीण आशंका जाता रहे हैं कि उक्त व्यक्ति की हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया गया है।
नोएडा के थाना फेस-2 प्रभारी विंध्याचल तिवारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-110 में डोमिनोज कंपनी के पास नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकाल कर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। उन्होंने बताया कि मृतक की उम्र 60 वर्ष के आसपास है। प्रारंभिक पड़ताल में पता चला है कि उक्त व्यक्ति शराब के नशे में घूमता रहता था। उन्होंने आशंका जताई कि संभवत शराब के नशे में उक्त व्यक्ति नाले में गिर गया और पानी में डूबने की वजह से उसकी मौत हो गई।
थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सलारपुर गांव में सड़क किनारे एक युवक का शव बरामद हुआ है। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। थाना प्रभारी बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक दोनों शवों की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के थाना क्षेत्र की पुलिस को अज्ञात शव मिलने की सूचना दे दी गई है।