Noida Latest News: अंजना भागी /नॉएडा। कल नोएडा में एक घंटे तक बारिश हुई और सेक्टर 33 के निवासियों के लिए मुसीबत बन गई। सेक्टर के ब्लॉक ए और असीसी कॉन्वेंट स्कूल के किनारे बहने वाला नाला (कोंडली नाला) ओवरफ्लो होने लगा और कुछ ही मिनटों में नाले के पानी का वापस फ़्लो शुरू हो गया । नाले और सेक्टर की चारदीवारी के बीच की दूरी लगभग 12 से 15 फीट है । लेकिन पानी पूरी ताकत से सेक्टर में घुसने लगा । 20 मिनट के अंदर ही सेक्टर 33 का , तिकोना पार्क नाले के पानी से भर गया। आर डब्लू ए अध्यक्ष सैक्टर 33 आर के घई के अनुसार गुरुत्वाकर्षण का यह एक अनोखा उदाहरण फोटो में प्रस्तुत है। ब्लॉक के निवासी घबरा गए। क्योंकि पानी उनके दरवाजे तक पहुंचने की भी संभावना थी। पानी के बैक फ़्लो का मुख्य कारण इस वर्ष स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस नाले की सफाई न करना है। इस नाले की सफाई हर वर्ष होती थी। इस बार जो अब तक नहीं हुई है। दूसरे, नाले का वह हिस्सा जो सेक्टर 33 और 34/35 के बीच सड़क के दो कैरिज वे (पुलिया) के नीचे से गुजरता है, उसे कभी भी साफ नहीं किया गया है। जबकि नाले के दूसरे हिस्से को साफ किया गया है। जिसके कारण पानी का प्रवाह अवरुद्ध हो जाता है। प्रौद्योगिकी के इस युग में संबंधित अधिकारी कभी भी सड़क के नीचे की गंदगी को साफ करने का तरीका खोजने का प्रयास ही नहीं करते हैं। ये तो अभी इस वर्ष की पहली बरसात है । पूरा वर्षा का मौसम अभी बाकी है। पहली बारिश में जब स्थिति इतनी भयावह हो गई है तो अगर लगातार दो घंटे बरसा पानी तो क्या होगा। प्राधिकरण के कान नाक यानी विभिन्न आर डबलुओं में जब चर्चा हुई तो यह भी सामने आया कि सेक्टर 51 में बनी गीली भूमि के कारण नाले का प्रवाह अवरुद्ध हो गया है। इस तरह की पुनरावृत्ति न हो तो क्या यह आवश्यक नहीं की जो भी किया जा सकता है प्राथमिकता से कर ही लिया जाए। ताकि ऐसा फिर न हो जाए।