
Noida Latest News: थाना फेस 3 क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। बेसमेंट में खुदाई के दौरान मिट्टी की ढांग गिरने से मलबे के नीचे दबकर एक पांच साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, थाना फेस-3 क्षेत्रांतर्गत एफ.एन.जी विहार, सेक्टर-121 में एक निर्माणाधीन मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। रविवार को निर्माणाधीन मकान की नींव खोदते समय नीचे की मिट्टी ढहने से पांच वर्षीय बालक मोहम्मद शहजाद पुत्र शाहरूख निवासी मऊबुरा, थाना बिधूना, औरेया और 25 वर्षीय सनी मिट्टी के नीचे दब गए। मिट्टी की ढांग गिरते ही मौके पर चीख पुकार मच गई। आनन फानन में क्षेत्रवासी मौके पर जमा हुए और मिट्टी के नीचे दबे बालक व मजदूर को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डाक्टरों ने पांच साले के बालक शहजाद को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी मिलने पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बताया कि घायल मजदूर का उपचार जारी है। मृतक बालक के शव का पंचायतनामा भर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।