
Noida News एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी करने के आरोप में फरार चल रहे गिरोह के सरगना को थाना सेक्टर-126 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी पर 25 हजार रूपए का इनाम घोषित था।
डीसीपी हरिश्चंद्र ने बताया कि थाना सेक्टर-126 प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने मुखबिर की सूचना के आधार पर महामाया फ्लाईओवर के पास से 25 हजार रूपये के इनामी यशवंत चौबे को गिरफ्तार किया। पकड़ा गया आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर नामचीन मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के नाम पर लोगों को ठगने का काम करता था।
डीसीपी ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व लखनऊ निवासी वर्षिका सिंह ने एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के नाम पर 16 लाख रुपए की ठगी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की विवेचना के बाद दीपक उर्फ देवेंद्र व राजेश को गिरफ्तार किया था। इस गिरोह का मास्टरमाइंड यशवंत चौबे फरार चल रहा था। फरार चलने के कारण पुलिस ने उस पर 25 हजार रूपए का इनाम घोषित किया था।
गिरफ्तार यशवंत चौबे के पास से करीब सवा लाख रुपए की नकदी, सोने की चैन व अंगूठियां बरामद हुई है। पकड़ा गया आरोपी ठगी की रकम से लग्जरी लाइफ जी रहा था। ठगी से प्राप्त रकम को यशवंत व उसके साथी मौज मस्ती व अय्याशी में उड़ाते थे। पकड़े गए आरोपी बकायदा विभिन्न शहरों में ऑफिस खोल कर नामी-गिरामी एमबीबीएस मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन दिलाने का झांसा देकर चूना लगाते थे। आरोपी अब तक सैकड़ों छात्र-छात्राओं को अपना निशाना बना कर करोड़ों रुपए की ठगी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।