नोएडा में बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नोएडा लोक मंच ने दूसरा सिलाई एवं ब्यूटिशियन प्रशिक्षण केंद्र शुरू किया है। सेक्टर-68 के गढ़ी-चौखंडी स्थित संस्कार अध्ययन केंद्र में बच्चियों को प्रतिदिन तीन घंटे प्रशिक्षण दिया जाएगा।

Noida News: नोएडा में बेटियों को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भर बनाने के लिए नोएडा लोक मंच ने एक और कदम उठाया है। संस्था ने अपने शिक्षा प्रकल्प के तहत दूसरे सिलाई एवं ब्यूटिशियन प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत की है। यह केंद्र सेक्टर-68 के गढ़ी-चौखंडी स्थित संस्कार अध्ययन केंद्र में संचालित होगा। यहां बच्चियों को सिलाई और ब्यूटिशियन का प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। नोएडा लोक मंच की इस पहल का उद्देश्य बच्चियों को किताबी शिक्षा के साथ व्यावहारिक कौशल उपलब्ध कराना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाना है। संस्था का मानना है कि हुनर के माध्यम से बेटियां अपने पैरों पर खड़ी हो सकती हैं और परिवार के साथ समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।
नोएडा लोक मंच के नए प्रशिक्षण केंद्र में प्रतिदिन दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक सिलाई एवं ब्यूटिशियन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। संस्था के अनुसार, प्रशिक्षण कार्यक्रम राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (NIOS) से सरकारी मान्यता प्राप्त व्यवस्था के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। निर्धारित आवश्यकताओं को पूरा करने वाली प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाणपत्र प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा। इस प्रशिक्षण के जरिए बच्चियां सिलाई का काम शुरू करने, अपना बुटीक खोलने या ब्यूटी पार्लर संचालित करने की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं। इससे उन्हें स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे और आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें : महाभारत के श्रीकृष्ण अब रंगमंच पर दिखाएंगे कृष्ण की लीलाएं
नोएडा लोक मंच के महासचिव महेश सक्सेना ने कहा कि सशक्त नारी ही समृद्ध समाज की नींव है। संस्था का प्रयास है कि बच्चियां शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक हुनर भी हासिल करें, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य का निर्माण कर सकें। उन्होंने कहा कि सिलाई और ब्यूटिशियन जैसे रोजगारपरक प्रशिक्षण बेटियों को आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। नोएडा लोक मंच शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से जरूरतमंद वर्गों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। दूसरा प्रशिक्षण केंद्र शुरू करना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस पहल को सफल बनाने में नोएडा लोक मंच की स्किल ट्रेनिंग टीम की महत्वपूर्ण भूमिका है। टीम की अध्यक्ष सुनीता खटाना, सचिव लीखा सक्सेना, एडमिनिस्ट्रेटिव इंचार्ज रेनु छिबर और कोषाध्यक्ष मुक्ता गुप्ता के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना और संचालन के लिए आवश्यक कमरों की व्यवस्था में Skydecor Laminates Pvt. Ltd. और कुशाग्र अवस्थी का सहयोग रहा। संस्था ने उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। नोएडा लोक मंच की यह पहल बेटियों को कौशल विकास से जोड़ने और उनके लिए रोजगार व स्वरोजगार के अवसर तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्रशिक्षण के माध्यम से बच्चियों को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रशिक्षण केंद्र के शुभारंभ अवसर पर एस.एस.एस. कन्या इंटर कॉलेज, सर्फाबाद की प्रधानाचार्या गीता शर्मा, डी.एस. मेमोरियल पब्लिक स्कूल, बहलोलपुर के प्रधानाचार्य पवन गुप्ता और एनआईओएस के पूर्व चेयरमैन एवं शिक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. एन.के. अंबष्ट, रंजू माथुर, कंचन श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, गिरजा सिंह, अरुण सिन्हा, आशु सक्सेना, विभा बंसल, लीका सक्सेना, मुक्ता गुप्ता, विनोद पांडे, लाल सिंह, शिवांगी और लुबना सैफी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन