
Noida News /ग्रेटर नोएडा। भाजपा नेता के बेटे के सीने में गोली मारने वाले आरोपी को थाना बिसरख पुलिस ने सूरजपुर स्थित जिला न्यायालय के गेट से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कोर्ट में सरेंडर करने की फिराक में था। इसके पास 32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद हुई है।
बता दें कि पुराना हैबतपुर गांव के पूर्व प्रधान एवं भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के कोषाध्यक्ष चरण सिंह यादव की बेटी शीतल यादव की शादी 10 मई को पुराना हैबतपुर डीएफ पैलेस मैरिज होम में हो रही थी। शादी समारोह के दौरान ही चरण सिंह के साले छोटेलाल से परथला खंजरपुर निवासी धर्मेंद्र पुत्र कृपाल का किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इस दौरान चरण सिंह के 16 वर्षीय बेटे तविस यादव ने बीच-बचाव कर झगड़े को शांत करा दिया। 11 मई की सुबह बारात विदा होने के बाद तबिश यादव घेर में पशुओं को चारा डालकर घर आ रहा था। जैसे ही वह अपने घर के पास पहुंचा तो उसे धर्मेंद्र यादव ने लाइसेंसी पिस्टल गोली मार कर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद से हत्यारोपी धमेंद्र फरार चल रहा था।
पुलिस धर्मेेंद्र की सरगर्मी से तलाश कर रही थी। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि धर्मेंद्र कोर्ट में सरेंडर करने की फिराक में है। थाना बिसरख प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने पुलिस कर्मियों के साथ आरोपी को जिला न्यायालय के गेट नंबर 3 से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी धर्मेंद्र यादव पुत्र कृपाल निवासी ग्राम परथला खंजरपुर के पास से 32 बोर लाइसेंसी पिस्टल बरामद हुई है, जिससे उसने ताबिस की हत्या की थी। Noida News