
Noida News (चेतना मंच)। थाना सेक्टर-24 क्षेत्र के चौड़ा गांव में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि शुक्रवार को सूचना मिली कि चौड़ा गांव में अभिषेक राणा के मकान में किराए पर रहने वाले विक्रम पुत्र सुरेश सिंह निवासी बेवर मैनपुरी ने अपने कमरे में फांसी लगा ली है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के भिजवाया।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि विक्रम 3 दिन पूर्व ही अपने गांव से नोएडा आया था। करीब 7 माह पूर्व उसकी पत्नी की डिलीवरी के दौरान मौत हो गई थी जिसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है।
थाना बीटा-2 क्षेत्र के बीटा 1 सेक्टर में शनिवार की सुबह एक मकान में आग लग गई। आग लगने से मकान में रखा हुआ सामान जल गया। मौके पर पहुंची दमकल गाडिय़ों ने आग पर काबू पाया। चीफ फायर ऑफिसर सीएफओ प्रदीप चौबे ने बताया कि शनिवार की सुबह बीटा 1 सेक्टर के सी ब्लॉक में घनश्याम दास अग्रवाल के मकान में आग लगने की सूचना मिली। आग घनश्याम दास अग्रवाल के किराएदार विष्णु अग्रवाल के कमरे में लगी थी। कमरे से धुआं व आग की लपटें देखकर परिजन बाहर आ गए थे।
मौके पर पहुंची दमकल गाडिय़ों ने थोड़ी ही देर में आग पर काबू पा लिया। आग लगने से कमरे में रखा घरेलू सामान, बेड, कपड़े आदि जल गए। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। Noida News