विज्ञापन
विज्ञापन
नोएडा ने विकास के अपने सफर में 50 साल पूरे कर 51वें वर्ष में प्रवेश कर लिया है। पांच दशक पहले एक योजनाबद्ध शहर के रूप में शुरू हुआ नोएडा, आज देश के सबसे तेजी से बढ़ते शहरी केंद्रों में गिना जाता है।

Noida News : नोएडा ने विकास के अपने सफर में 50 साल पूरे कर 51वें वर्ष में प्रवेश कर लिया है। पांच दशक पहले एक योजनाबद्ध शहर के रूप में शुरू हुआ नोएडा, आज देश के सबसे तेजी से बढ़ते शहरी केंद्रों में गिना जाता है। अब आने वाले पांच साल नोएडा के लिए और भी अहम साबित हो सकते हैं, क्योंकि शहर में मेट्रो, सड़क, बस सेवा, पार्क, निवेश और रोजगार से जुड़ी कई बड़ी योजनाएं आकार लेती दिखाई दे रही हैं। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों का दावा है कि अगले कुछ वर्षों में नोएडा और उसके आसपास की कनेक्टिविटी को नया आयाम देने वाले तीन नए मेट्रो रूट पर काम शुरू हो जाएगा। Noida News
नोएडा के लिए सबसे अहम परियोजनाओं में से एक सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन तक प्रस्तावित मेट्रो रूट है। इस रूट के लिए डिटेल डिजाइन सर्वे का काम चल रहा है। प्राधिकरण का कहना है कि अगले दो से तीन महीनों में निर्माण के लिए टेंडर जारी किए जा सकते हैं। यदि प्रक्रिया तय समय पर आगे बढ़ी, तो इस साल के अंत तक नोएडा में इस मेट्रो परियोजना का काम जमीन पर उतरता दिख सकता है। इस रूट के शुरू होने से शहर के कई सेक्टरों को बॉटेनिकल गार्डन से सीधा और तेज कनेक्शन मिलेगा। नोएडा के सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक मेट्रो चलाने की योजना पर भी तेजी से काम हो रहा है। इसके लिए संशोधित डीपीआर तैयार की जा रही है, जिसे जल्द केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद इस रूट पर निर्माण की औपचारिक तैयारी भी शुरू हो जाएगी। लंबे समय से इस कॉरिडोर की मांग की जा रही थी, क्योंकि इससे नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच रोजाना आने-जाने वाले हजारों लोगों को राहत मिलेगी। Noida News
मेट्रो विस्तार का दायरा केवल नोएडा तक सीमित नहीं रहने वाला। ग्रेटर नोएडा में डिपो स्टेशन से बोड़ाकी तक मेट्रो निर्माण की तैयारी भी तेज हो रही है। अधिकारियों के मुताबिक, इस परियोजना पर अगले छह से सात महीनों में काम शुरू कराने की दिशा में कोशिशें जारी हैं। यदि ये तीनों योजनाएं तय समय पर आगे बढ़ती हैं, तो अगले पांच वर्षों में नोएडा क्षेत्र की कनेक्टिविटी का नक्शा काफी बदल सकता है। अधिकारियों का मानना है कि जेवर एयरपोर्ट शुरू होने के बाद नोएडा में ट्रैफिक का दबाव काफी बढ़ेगा। इसी को ध्यान में रखते हुए सड़क ढांचे को मजबूत करने वाली कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है। Noida News
नोएडा के सेक्टर-16ए फिल्म सिटी और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए 5.96 किलोमीटर लंबी चिल्ला एलिवेटेड रोड बनाई जा रही है। यह सड़क दिल्ली के मयूर विहार फ्लाईओवर से शुरू होकर नोएडा के महामाया फ्लाईओवर के पास तक पहुंचेगी। प्राधिकरण का दावा है कि यह परियोजना लगभग दो साल में पूरी हो सकती है। इसके बन जाने के बाद दिल्ली-नोएडा के बीच आवाजाही और आसान होगी। Noida News
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की 45 मीटर चौड़ी सड़क में आ रही जमीन संबंधी बाधाओं को दूर करने पर भी काम जारी है। इसके अलावा सेक्टर-146 के सामने हिंडन नदी पर पुल बनाया जा रहा है, जो अगले चार महीनों में तैयार हो सकता है। यह पुल नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच संपर्क को और बेहतर करेगा। वहीं, नोएडा में यमुना पुस्ते की ओर भी नई सड़क परियोजनाओं की योजना बनाई गई है। चिल्ला एलिवेटेड रोड को आगे महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-94 यमुना पुस्ते के पास तक जोड़ने की तैयारी है। यहां तक छह लेन का एक्सप्रेसवे प्रस्तावित है। साथ ही डीएनडी से सीधे यमुना पुस्ते तक एलिवेटेड रोड बनाने की कवायद भी चल रही है। मास्टर प्लान रोड नंबर-1 पर सेक्टर-3 रजनीगंधा से सेक्टर-57 चौराहे तक एलिवेटेड रोड की तैयारी भी शुरू हो चुकी है। Noida News
नोएडा में विकास सिर्फ इंफ्रास्ट्रक्चर तक सीमित नहीं है। प्राधिकरण का कहना है कि फ्लैट खरीदारों और किसानों से जुड़े पुराने मुद्दों को सुलझाने की दिशा में भी काम हो रहा है। अमिताभ कांत समिति के तहत लागू पैकेज के जरिए खरीदारों को फ्लैट पर कब्जा और रजिस्ट्री की प्रक्रिया में राहत मिल रही है। हाल ही में स्पोर्ट्स सिटी परियोजनाओं पर लगी रोक हटने के बाद भी बड़ी संख्या में खरीदारों को उम्मीद जगी है। दूसरी ओर, नोएडा के किसान लंबे समय से आबादी भूखंड, 64 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा और अन्य मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि किसानों की लंबित मांगों के समाधान की दिशा में भी प्रयास तेज किए जाएंगे। Noida News
प्राधिकरण के मुताबिक, नोएडा अब निवेश के लिहाज से भी बेहद मजबूत स्थिति में है। शहर में अब तक करीब एक लाख करोड़ रुपये का निवेश हो चुका है। पिछले पांच वर्षों में 308 आईटी-आईटीईएस कंपनियों को भूखंड आवंटित किए गए, जिनमें से 97 कंपनियां तैयार हो चुकी हैं। इनसे 46,903 लोगों को रोजगार मिला है या रोजगार प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में नोएडा में 64 और कंपनियों को भूखंड आवंटित किए जाने की योजना है। इनके लिए एमओयू भी हो चुके हैं। अनुमान है कि इन नई परियोजनाओं से 32,799 लोगों के लिए रोजगार के अवसर बनेंगे। इसके अलावा व्यावसायिक संपत्तियों, संस्थागत परियोजनाओं और ग्रुप हाउसिंग के जरिए भी नोएडा में बड़े निवेश की उम्मीद जताई गई है। Noida News
नोएडा में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को और बेहतर बनाने के लिए सिटी बस सेवा शुरू करने की तैयारी भी की जा रही है। इसी साल 12 रूटों पर 50 ई-बसें चलाने की योजना है। इससे नोएडा के भीतर लोकल ट्रांसपोर्ट को नई ताकत मिलेगी और लोगों की निजी वाहनों पर निर्भरता कम हो सकती है। साथ ही औद्योगिक क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए एक्सप्रेसवे के किनारे लैंडबैंक तैयार कर नए भूखंडों की योजनाएं भी लाई जाएंगी। आईटी-आईटीईएस सेक्टर के लिए भी नए भूखंड उपलब्ध कराए जाने की तैयारी है। Noida News
तेजी से फैलते शहर नोएडा में हरित क्षेत्र बढ़ाने पर भी खास ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, वेदवन पार्क और नोएडा जंगल ट्रेल पहले ही शुरू हो चुके हैं। अब सेक्टर-95 में जापानी पार्क और सेक्टर-62 में डी पार्क पर काम जारी है। ये दोनों पार्क इस साल के अंत तक तैयार हो सकते हैं। अभी नोएडा में करीब 750 छोटे-बड़े पार्क और 300 से ज्यादा ग्रीन बेल्ट हैं, जिनका दायरा आगे और बढ़ाने की योजना है। इस बार नोएडा प्राधिकरण का 50वां स्थापना दिवस पूरी भव्यता के साथ नहीं मनाया जा सका। श्रमिक आंदोलन के कारण सेक्टर-96 स्थित नए दफ्तर समेत कई परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम पहले ही रद्द कर दिए गए थे। अब 17 अप्रैल को सेक्टर-6 स्थित कार्यालय में सुबह 10 बजे सिर्फ हवन का आयोजन होगा। इसी मौके पर 50 किलो का केक भी काटा जाएगा। Noida News
नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश का कहना है कि बीते 50 वर्षों में नोएडा ने कई क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है। आने वाले समय में शहर को और बेहतर सुविधाएं, मजबूत परिवहन व्यवस्था और बेहतर पर्यावरण देने की दिशा में लगातार काम किया जाएगा। उनका कहना है कि नोएडा को सिर्फ विकसित ही नहीं, बल्कि ज्यादा सुगम, आधुनिक और संतुलित शहरी केंद्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है। Noida News
विज्ञापन