विज्ञापन

Noida News (चेतना मंच)। जनपद गौतमबुद्धनगर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो युवतियों व दो युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक युवती के पास से सुसाइड नोट बरामद हुआ है जिसमें उसने अपनी आत्महत्या के लिए किसी को भी जिम्मेदार नहीं ठहराया है।
मूलरूप से ग्राम कुचेला मैनपुरी निवासी श्याम सुंदर अपने परिवार सहित नया गांव में रह रहे हैं। रविवार को वह अपने परिजनों के साथ किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। घर पर उनकी 22 वर्षीय बेटी जागृति अकेली थी। कुछ समय बाद जब वह वापस लौटे तो उन्हें जागृति फांसी के फंदे पर लटकी मिली। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थाना फेस-2 पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जागृति के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है जिसमें उसने अपनी आत्महत्या के लिए किसी को भी जिम्मेदार नहीं ठहराया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जागृति मदरसन कंपनी में काम करती थी। करीब 15 दिन पहले उसकी जॉब छूट गई थी जिसके बाद से वह डिप्रेशन में चल रही थी।
इसी थाना क्षेत्र के इलाहाबास गांव में भाई के साथ किराए पर रहने वाले एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। मूल रूप से मिर्जापुर निवासी कुलदीप अपने भाई के साथ इलाहाबास गांव में रह रहा था। वह एक निजी कंपनी में कार्यरत था। रविवार को कुलदीप का भाई ड्यूटी पर गया हुआ था। इस दौरान उसने अपने कमरे में फांसी लगा ली। शाम के समय जब कुलदीप का भाई घर लौटा तो उसे कुलदीप फांसी के फंदे पर लटका मिला।
थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के बरौला गांव में संजय चौहान के मकान में किराए पर रहने वाले लक्ष्मण सिंह की 19 वर्षीय बेटी संध्या ने अपनी चुन्नी से फांसी लगाकर जान दे दी। लक्ष्मण मूल रूप से छतरपुर मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं और यहां बरौला गांव में किराए पर रह रहे थे। घटना के समय संध्या की मां अपने एक रिश्तेदार की तेहरवीं में सम्मिलित होने गई थी। उसके पिता व भाई किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। संध्या ने हाल ही में मध्य प्रदेश में बारहवीं कक्षा की परीक्षा दी थी।
थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के कुलेसरा गांव में किराए पर रहने वाले संजीव पुत्र श्याम सुंदर ने अपने कमरे में फांसी लगा ली। संजीव को फंदे पर लटका देकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर परिजनों को सूचना दे दी है। पुलिस के मुताबिक संजीव मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और नोएडा की एक कंपनी में नौकरी करता था।
विज्ञापन