
Noida News : नोएडा की फिल्म सिटी में रविवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक फैशन शो के दौरान लाईटिंग ट्रस्ट गिरने से एक मॉडल्स की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल हो उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, थाना सेक्टर 20 क्षेत्रांतर्गत स्थित फिल्म सिटी के एक स्टूडियो में रविवार की दोपहर एक फैशन शो का आयोजन किया जा रहा था। मॉडल्स विभिन्न आकर्षक ड्रेस पहन कर रैंप पर कैटवॉक कर रही थी। इसी दौरान अचानक लाईटिंग ट्रस्ट (लोहे के जालनुमा खम्बे) गिर गया, जिससे मौके पर अफरा तफरी फैल गई। लाईटिंग ट्रस्ट गिरने से 24 वर्षीय मॉडल्स वंशिका चोपडा पुत्री पवन चोपडा निवासी दिव्यांश फ्लोरा, गौर सिटी-2, थाना बिसरख की मृत्यु हो गई तथा बॉबी राज पुत्र राज कुमार निवासी गोपाल पुरा, ग्वालियर रोड, आगरा घायल हो गया है।
घायल बॉबी राज को उपचार के लिए कैलाश अस्पताल सेक्टर-27 नोएडा में भर्ती कराया गया है, जहां पर उसका इलाज चल रहा है। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गयी है। घटना के संबंध में फैशन शो के आर्गेनाईजर व लाईटिंग ट्रस्ट लगाने वाले से पूछताछ की जा रही है।