नोएडा में मृत पशुओं के अंतिम संस्कार के लिए आधुनिक शवदाह केंद्र बनाने की मांग उठी है। फोनरवा ने प्राधिकरण के सीईओ को पत्र लिखकर पर्यावरण-अनुकूल व्यवस्था की मांग की।

Noida News : नोएडा में मृत आवारा और पालतू पशुओं के शवों के निस्तारण की समस्या को देखते हुए आधुनिक पशु शवदाह केंद्र स्थापित करने की मांग उठाई गई है। फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन्स (फोनरवा) ने नोएडा प्राधिकरण से शहर में पर्यावरण-अनुकूल पशु शवदाह केंद्र बनाने की मांग की है। इस संबंध में संगठन ने प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है। फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा और महासचिव के.के. जैन की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि नोएडा में मृत पशुओं के शवों का समय पर और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण होना जरूरी है। उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कई बार मृत पशुओं के शव सार्वजनिक स्थानों और रिहायशी इलाकों में पड़े रहते हैं। इससे दुर्गंध, गंदगी, संक्रमण फैलने की आशंका और पर्यावरण प्रदूषण जैसी समस्याएं पैदा होती हैं।
फोनरवा ने प्राधिकरण से आधुनिक तकनीक पर आधारित पशु शवदाह केंद्र स्थापित करने के लिए ठोस योजना तैयार करने की मांग की है। संगठन के मुताबिक, इसके लिए शहर में उपयुक्त स्थान चिह्नित किया जाए और प्रस्तावित मशीनों की तकनीकी क्षमता के साथ प्रदूषण नियंत्रण मानकों का भी परीक्षण कराया जाए। इसके अलावा परियोजना की लागत का आकलन कर आवश्यक बजट और विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने का सुझाव दिया गया है, ताकि इस सुविधा को व्यवस्थित तरीके से विकसित किया जा सके। Noida News
फोनरवा का कहना है कि आधुनिक पशु शवदाह केंद्र बनने से मृत पशुओं के शवों का सम्मानजनक और सुरक्षित तरीके से अंतिम संस्कार किया जा सकेगा। इससे खुले स्थानों पर शव पड़े रहने की समस्या कम होगी और शहर में स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलेगी। संगठन ने इस मांग को जनहित, पर्यावरण संरक्षण और पशु कल्याण से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताते हुए प्राधिकरण से जल्द कार्रवाई करने की अपील की है। फोनरवा ने उम्मीद जताई है कि प्राधिकरण इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करेगा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करेगा। Noida News
विज्ञापन