Noida:बुजुर्गों के लिए सवेरा योजना लायेगी सुरक्षा का भाव
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 11:04 AM
नोएडा । गौतमबुद्धनगर के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह (Gautam Budh Nagar Police Commissioner Alok Singh )की पहल पर जिले के सीनियर सिटीजन के लिये सवेरा योजना शुरू की गई है। सवेरा योजना के तहत जिले में रह रहे बुजुर्गों का डाटा तैयार किया जा रहा है जिसके आधार पर जरूरतमंद सीनियर सिटीजनों (Senior Citizen)तक तुरंत किसी भी तरह की मदद उपलब्ध करायी जा सकेगी साथ ही सीनियर सिटीजन में सुरक्षा का भाव भी पैदा हो सकेगा।
एसीपी (प्रथम) रजनीश वर्मा ने बताया कि कमिश्नर आलोक सिंह ने जिले में निवास करने वाले बुजुर्गों का डाटा तैयार करने के निर्देश दिये हैं। थाना सेक्टर-24 व थाना सेक्टर-58 में तैनात पुलिसकर्मी अब तक 60 के करीब बुजुर्गों से मिलकर उनका हालचाल पूछा तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत संपर्क करने के लिए पुलिस हेल्पलाइन नंबर दिये हैं। पुलिसकर्मियों द्वारा जो भी डाटा एकत्र किया जा रहा है उसे डॉयल-112 से कनेक्ट कर दिया जाएगा।
एसीपी ने बताया कि सवेरा योजना के तहत मिले डाटा के आधार पर बुजुर्गों तक मेडिकल, खाद्य सामग्री व अन्य जरूरत की चीजें आवश्यकता पडऩे पर उपलब्ध करायी जाएंगी। नोएडा में बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त वृद्ध लोग रहते हैं उनमें से कई अकेले हैं। ऐसे सीनियर सिटीजनों में सुरक्षा का भाव पैदा करने तथा उन्हें यह बताने कि पुलिसकर्मी हर समय उनकी मदद के लिए उपलब्ध हैं इसलिए यह योजना चलाई जा रही है। एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि सवेरा योजना में प्रशासन व शहर की आरडब्ल्यूए की भी मदद ली जा रही है। उन्होंने बताया कि योजना का काफी अच्छा रिस्पांस मिल रहा है और बुजुर्ग खुलकर अपनी समस्याएं रख रहे हैं।