विज्ञापन
नोएडा के सेक्टर-63 इलाके में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब FNG फ्लाईओवर (बहलोलपुर) के पास एक चलती रेनॉल्ट कार अचानक आग की चपेट में आ गई। कुछ ही पलों में वाहन ने आग का विकराल रूप ले लिया और पूरी तरह जलकर राख हो गया।

Noida News : नोएडा के सेक्टर-63 इलाके में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब FNG फ्लाईओवर (बहलोलपुर) के पास एक चलती रेनॉल्ट कार अचानक आग की चपेट में आ गई। कुछ ही पलों में वाहन ने आग का विकराल रूप ले लिया और पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना रात करीब 1:11 बजे की बताई जा रही है, जब कार व्यस्त सड़क से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक कार से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को घेर लिया। स्थिति को भांपते हुए चालक ने समय रहते कार से कूदकर अपनी जान बचाई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। आसपास मौजूद लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के कारण वाहन पूरी तरह नष्ट हो गया। Noida News
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर नियंत्रण पाया, हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी और उसका केवल ढांचा ही शेष रह गया था। जिला दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार के अनुसार, रात में चलती कार में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से टीम को तत्काल रवाना किया गया था। उन्होंने बताया कि रेनॉल्ट कार (नंबर UP15DR0145) में लगी आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है और स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया है। Noida News
प्राथमिक जांच में वाहन में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह शुरुआती आकलन है और वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग की टीम संयुक्त रूप से मामले की हर एंगल से जांच कर रही है, ताकि आग लगने की सही वजह सामने लाई जा सके। Noida News
विज्ञापन