इससे पहले सेक्टर-128 स्थित जेपी गोलचक्कर के पास बने क्लॉक टावर का उद्घाटन हाल ही में नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. लोकेश एम कर चुके हैं। वहीं सेक्टर-18 में एक छोटा क्लॉक टावर पहले से मौजूद है।

Noida News : नोएडा शहर की पहचान को एक नया लैंडमार्क मिलने जा रहा है। सेक्टर-18 में जीआईपी मॉल के सामने पुलिस चौकी के पास श्रीनगर के लाल चौक स्थित प्रसिद्ध घंटाघर की तर्ज पर एक नया क्लॉक टावर तैयार किया जा रहा है। नोएडा प्राधिकरण के मुताबिक निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और कोशिश है कि 26 जनवरी को इसका लोकार्पण कर दिया जाए। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि यह क्लॉक टावर नोएडा का तीसरा क्लॉक टावर होगा। इससे पहले सेक्टर-128 स्थित जेपी गोलचक्कर के पास बने क्लॉक टावर का उद्घाटन हाल ही में नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. लोकेश एम कर चुके हैं। वहीं सेक्टर-18 में एक छोटा क्लॉक टावर पहले से मौजूद है।
अधिकारियों का कहना है कि क्लॉक टावर के सक्रिय होते ही यहां मौजूद पुलिस चौकी को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा, ताकि पूरे परिसर को एक व्यवस्थित रूप दिया जा सके। सेक्टर-18 में दिनभर उमड़ने वाली भीड़ और जीआईपी मॉल आने वाले लोगों की जरूरतों को देखते हुए बैठने के लिए बेंच और छोटा सिटिंग जोन भी तैयार किया जा रहा है।
सेक्टर-18 नोएडा का सबसे व्यस्त बाज़ार और मॉल जोन माना जाता है। ऐसे में जीआईपी मॉल के सामने बनने वाला यह क्लॉक टावर लोगों के लिए नया फोटो-पॉइंट और विजुअल आइकन बनने की उम्मीद है। 26 जनवरी को उद्घाटन हुआ तो गणतंत्र दिवस पर नोएडा को एक नया प्रतीकात्मक तोहफा मिल जाएगा। Noida News