नोएडा के लोगों के लिए नई मेट्रो कनेक्टिविटी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। नोएडा सेक्टर-142 से सेक्टर-38ए स्थित बॉटेनिकल गार्डन तक प्रस्तावित एक्वा लाइन के विस्तार का निर्माण कार्य अब जल्द शुरू होने की दिशा में बढ़ रहा है।

Noida News : नोएडा के लोगों के लिए नई मेट्रो कनेक्टिविटी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। नोएडा सेक्टर-142 से सेक्टर-38ए स्थित बॉटेनिकल गार्डन तक प्रस्तावित एक्वा लाइन के विस्तार का निर्माण कार्य अब जल्द शुरू होने की दिशा में बढ़ रहा है। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) ने निर्माण एजेंसी और सलाहकार के चयन के बाद परियोजना को जमीन पर उतारने की तैयारियां तेज कर दी हैं। नई मेट्रो लाइन का निर्माण सेक्टर-142 की ओर से शुरू किया जाएगा, जबकि बॉटेनिकल गार्डन और सेक्टर-44 की तरफ काम बाद के चरण में होगा। निर्माण के लिए सबसे पहले कास्टिंग यार्ड की व्यवस्था की जानी है। इसके लिए तीन संभावित स्थानों की पहचान की जाएगी। इनमें से निर्माण एजेंसी एलएंडटी के लिए एक स्थान तय किया जाएगा। Noida News
नई मेट्रो परियोजना को लेकर सोमवार को NMRC अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में निर्माण कार्य शुरू करने की रणनीति, कास्टिंग यार्ड की जगह और सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन तक प्रस्तावित रूट को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने तय किया कि कास्टिंग यार्ड के लिए तीन स्थान चिह्नित किए जाएंगे। इसके बाद इन स्थानों को निर्माण एजेंसी एलएंडटी के अधिकारियों को दिखाया जाएगा। निर्माण कार्य की जरूरतों और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इनमें से एक जगह कास्टिंग यार्ड के लिए तय की जाएगी। कास्टिंग यार्ड मेट्रो निर्माण का अहम हिस्सा होता है। यहीं एलिवेटेड मेट्रो लाइन के लिए इस्तेमाल होने वाले कई कंक्रीट सेगमेंट तैयार किए जाते हैं। इसलिए निर्माण शुरू करने से पहले इसके लिए उपयुक्त जमीन उपलब्ध कराना जरूरी है। NMRC अधिकारियों के मुताबिक, मेट्रो लाइन का निर्माण सेक्टर-142 से शुरू करने की योजना है। इसकी वजह यह है कि सेक्टर-142 में एक्वा लाइन का मौजूदा स्टेशन पहले से मौजूद है। ऐसे में यहां से निर्माण शुरू करने के लिए किसी अन्य विभाग की अतिरिक्त अनुमति की जरूरत अपेक्षाकृत कम होगी। प्रस्तावित लाइन को सेक्टर-142 स्टेशन से एक्सप्रेसवे के किनारे आगे ले जाया जाएगा। इसके बाद रूट को सीधा करते हुए महामाया फ्लाईओवर से पहले तक ले जाने की योजना है। दूसरी ओर बॉटेनिकल गार्डन और सेक्टर-44 की तरफ निर्माण कार्य बाद के चरण में किया जाएगा। इस दौरान दिल्ली मेट्रो समेत संबंधित विभागों से जरूरी अनापत्ति और अन्य मंजूरियां हासिल करने का काम भी चलता रहेगा। Noida News
निर्माण कार्य शुरू करने से पहले NMRC ने नोएडा प्राधिकरण को भी पत्र भेजकर रूट की जानकारी दी है। प्राधिकरण से मेट्रो के प्रस्तावित मार्ग में आने वाली मौजूदा अवस्थापना सुविधाओं की पहचान और उनकी शिफ्टिंग की तैयारी करने को कहा गया है। प्राधिकरण अब इस हिस्से में सर्वे कराएगा। अधिकारियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती एक्सप्रेसवे के किनारे मौजूद भूमिगत सुविधाओं को लेकर है। इस क्षेत्र में पानी, सीवर और बिजली की कई भूमिगत लाइनें गुजर रही हैं। मेट्रो निर्माण के दौरान इन लाइनों को नुकसान न पहुंचे, इसके लिए पहले उनकी सटीक स्थिति का पता लगाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर संबंधित सुविधाओं को निर्धारित योजना के अनुसार शिफ्ट किया जाएगा। Noida News
सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन तक प्रस्तावित मेट्रो लाइन एक्वा लाइन का विस्तार होगी। करीब 11.56 किलोमीटर लंबे इस पूरे रूट को एलिवेटेड बनाया जाएगा। इस कॉरिडोर पर कुल 8 मेट्रो स्टेशन प्रस्तावित हैं। इनमें बॉटेनिकल गार्डन, सेक्टर-44, नोएडा ऑफिस सेक्टर-94, सेक्टर-97, सेक्टर-105, सेक्टर-108, सेक्टर-93 और पंचशील बालक इंटर कॉलेज स्टेशन शामिल हैं। यह कॉरिडोर नोएडा के कई प्रमुख सेक्टरों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने के साथ मौजूदा एक्वा लाइन और बॉटेनिकल गार्डन के बीच बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।प्रस्तावित मेट्रो लाइन के निर्माण पर करीब 2254.35 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। परियोजना पूरी होने के बाद नोएडा के कई ऐसे सेक्टरों को सीधे मेट्रो नेटवर्क का लाभ मिलेगा, जहां अभी सार्वजनिक परिवहन के विकल्प सीमित हैं। इस कॉरिडोर से नोएडा के साथ-साथ ग्रेटर नोएडा की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। खासकर एक्सप्रेसवे के आसपास रहने और काम करने वाले लोगों के लिए यह लाइन महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी उपलब्ध करा सकती है। Noida News
सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन तक मेट्रो विस्तार का इंतजार लंबे समय से किया जा रहा है। इस रूट पर बड़ी संख्या में आवासीय सेक्टर, कार्यालय और व्यावसायिक गतिविधियां मौजूद हैं। इसके अलावा आसपास के गांवों और अन्य इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग रोजाना नोएडा के इन क्षेत्रों में आते-जाते हैं। मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद लोगों को सड़क परिवहन पर निर्भरता कम करने का विकल्प मिलेगा। इससे नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और आसपास की सड़कों पर वाहनों का दबाव घटाने में भी मदद मिल सकती है। फिलहाल NMRC निर्माण शुरू करने से पहले जरूरी तैयारियों में जुटा है। कास्टिंग यार्ड के लिए जमीन का चयन, उपयोगिता लाइनों का सर्वे और आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद परियोजना का निर्माण कार्य आगे बढ़ेगा। Noida News
विज्ञापन