
Noida News :उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से बड़ी खबर है। खबर यह है कि यूपी एसटीएफ और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश कपिल मारा गया। मृतक बदमाश कपिल मेरठ के योगेश भदौड़ा गैंग का शार्प शूटर था और बागपत में पिछले दिनों हुए डबल मर्डर केस में वांटेड चल रहा था। कपिल के खिलाफ हत्या, लूट और डकैती सहित 45 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
आपको बता दें कि 1 फरवरी 2022 की सुबह बागपत थानाक्षेत्र के बसी गांव के जंगल में दिन दहाड़े दादा-पोते की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। वे दोनों खेत से गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर चीनी मिल जा रहे थे। वहां से गन्ना लेकर लौटते समय गोशाला के समीप उन पर अंधाधुंध गोलियां चलाई गई थीं। दोनों ट्रैक्टर से नीचे भी नहीं उतर सके। उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। दोनों को करीब 15 गोलियां मारी गई थीं।
यूपी एसटीएफ को इस बदमाश की काफी दिनों से तलाश थी। बताया जाता है कि रविवार को एसटीएफ को सूचना मिली कि एक लाख का बदमाश नोएडा क्षेत्र में है। जिसके बाद उसकी तलाश की गई। उसने भागने का प्रयास किया और पुलिस पर फायरिंग की। बदमाश की फायरिंग का जवाब देते हुए एसटीएम के जवानों ने भी जवाबी फायरिंग की। मुठभेड़ में बदमाश मारा गया है।
मृतक बदमाश बागपत जनपद के खेकड़ा का रहने वाला था और जिलाधिकारी बागपत ने उस पर गैंगस्टर लगाई थी। पुलिस द्वारा उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।