नोएडा डिपो से 10 मिनी बसें दौड़ेंगी ग्रामीण रूटों पर, 40 से ज्यादा गांवों को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
नोएडा
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 07:29 PM
नोएडा
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 07:29 PM
गौतमबुद्ध नगर के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। नवरात्र के मौके पर उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम नोएडा डिपो से 10 नई मिनी बसों का संचालन शुरू करने जा रहा है। नोएडा डिपो से ये बसें 40 से अधिक गांवों को नोएडा और ग्रेटर नोएडा शहर से जोड़ेंगी। इससे नोएडा के गांवों के छात्रों, महिलाओं, बुजुर्गों और आम यात्रियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिल सकेगी। Noida News :
पर्यावरण मानकों वाली नई बसें
क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार के मुताबिक, निगम को मुख्यालय से 10 डीजल चालित यूरो-6 मानक मिनी बसें मिली हैं। 44 सीटों वाली ये बसें पर्यावरण नियमों के अनुकूल हैं। उन्होंने बताया कि संचालन से पहले ग्रामीण रूटों का सर्वे किया गया, जिसमें सड़कों की स्थिति, बसों की टर्निंग क्षमता, यात्रियों की संभावित संख्या और राजस्व जैसे बिंदुओं पर खास ध्यान दिया गया।
परमिट प्रक्रिया जारी
अगले सप्ताह गाजियाबाद परिवहन कार्यालय में इन बसों के परमिट की प्रक्रिया शुरू होगी, जिसमें 8 से 10 दिन का समय लग सकता है। परमिट मिलते ही बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। प्रबंधन की ओर से ड्राइवर और कंडक्टर को यात्रियों से विनम्र व्यवहार करने और महिलाओं-बुजुर्गों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत
अब तक ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन का अभाव था। लोगों को निजी वाहन, टैक्सी, कैब और बाइक जैसी महंगी सेवाओं पर निर्भर रहना पड़ता था। किसानों और स्थानीय लोगों का कहना है कि मिनी बसों की शुरुआत से छात्रों को स्कूल- कॉलेज जाने में, महिलाओं को बाजार और कामकाज के लिए आने-जाने में और बुजुर्गों को शहर तक पहुंचने में बड़ी आसानी होगी।
ये होंगे मुख्य रूट
नई मिनी बसें नोएडा और ग्रेटर नोएडा से चलकर रबूपुरा, झांझर, जेवर, बिलासपुर, तकीपुर, अनवरपुर, दादरी, महावर, देहरा, छायसा समेत कई गांवों तक पहुंचेंगी। प्रस्तावित रूटों में शामिल हैं:
* नोएडा-ग्रेटर नोएडा-परी चौक-रबूपुरा-झांझर-रणहेड़ा
* नोएडा-ग्रेटर नोएडा-जेवर कट-जहांगीरपुर-लौदाना
* नोएडा-ग्रेटर नोएडा-परी चौक-नहर-बिलासपुर-दनकौर-झाझार
* नोएडा-परी चौक-जेवर-हामिदपुर-झुप्पा
* नोएडा-परी चौक-रबूपुरा-तीर्थली-करौली-गोविंदगढ़-कोठारा-झुप्पा
* नोएडा-खेड़ा मोड़-तकीपुर-अनवरपुर-सुहेड़ी-मोहद्दीनपुर
* नोएडा-सूरजपुर-दादरी-महावर
* नोएडा-सूरजपुर-दादरी-कलौंदा
* नोएडा-देहरा-झाल
* नोएडा-छायसा Noida News :