नोएडा में 11 नए मेट्रो स्टेशनों का होगा निर्माण, होगा कनक्टिविटी में सुधार
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 01:43 PM
नोएडा
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 01:43 PM
Noida News : नोएडा से ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक मेट्रो विस्तार परियोजना को लेकर हाल ही में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। यह परियोजना नोएडा की एक्वा लाइन को सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के नॉलेज पार्क-5 तक 17.435 किलोमीटर तक बढ़ाएगी, जिसमें 11 नए मेट्रो स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा। इस विस्तार से नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच कनेक्टिविटी में सुधार होगा, जिससे लाखों यात्रियों को लाभ मिलेगा।
सेक्टर-61 स्टेशन को दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन से जोड़ा जाएगा
इस परियोजना के तहत सेक्टर-61 स्टेशन को दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन से जोड़ा जाएगा, जिससे यात्रियों को दिल्ली से सीधे ग्रेटर नोएडा वेस्ट पहुंचने में सुविधा होगी। इसके अलावा, विधायक तेजपाल नागर ने इस मेट्रो लाइन को सीधे बॉटेनिकल गार्डन तक जोड़ने का सुझाव दिया है, जिससे नोएडा, दिल्ली और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
परियोजना की संशोधित लागत 2,991 करोड़ आंकी गई है, जिसमें राज्य और केंद्र सरकार दोनों 394 करोड़ का योगदान देंगी। उत्तर प्रदेश सरकार ने इस परियोजना की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट को पहले ही मंजूरी दे दी है, और अब केंद्र सरकार से अंतिम स्वीकृति की प्रतीक्षा है।
परियोजना को जल्द शुरू कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे
केंद्रीय शहरी आवास मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने आश्वासन दिया है कि इस परियोजना को जल्द शुरू कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। सांसद डॉ. महेश शर्मा और विधायक तेजपाल नागर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर परियोजना की शीघ्र शुरूआत की मांग की थी। इस मेट्रो विस्तार से नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी, जिससे यात्रा समय में कमी आएगी और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। Noida News