
Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा में नोएडा कमिश्नरेट पुलिस द्वारा शराब पीकर सड़कों पर वाहन चलाने वाले शराबी वाहन चालकों के खिलाफ जबरदस्त अभियान चलाया जा रहा है। नोएडा पुलिस ने शराब का सेवन कर वाहन चलाने वाले 123 चालकों और कार यूजर्स का चालान काटा है, जबकि 15 वाहनों को सीज कर दिया गया है।
आपको बता दें कि नोएडा की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नोएडा कमिश्नरेट में 16 दिसंबर से 31 दिसंबर 2023 तक यातायात पुलिस व नागरिक पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के विरूद्ध संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाया गया। इसी क्रम में नववर्ष की पूर्व संध्या पर 31 दिसंबर 2023 को नोएडा व ग्रेटर नोएडा समेत 40 स्थानों पर संयुक्त टीम बनाकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरूद्ध चैकिंग की गई। इस अभियान के दौरान 2485 वाहन चालकों को चेक किया गया जिसमें 138 वाहन चालक नशे की स्थिति में पाये जाने पर 15 वाहनों को सीज कर दिया गया जबकि 123 वाहन चालकों के विरूद्ध ई-चालान की कार्रवाई की गई।
नए साल के पहले दिन यानि 1 जनवरी को को सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत यातायात पुलिस की रोड सेफ्टी सैल द्वारा सहायक पुलिस आयुक्त यातायात द्वितीय के पर्यवेक्षण में कस्बा जेवर के गणमान्य व्यक्ति, आमजनों व वाहन चालकों को कोहरे के कारण सड़क दुर्घटना से बचाव व यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका जेवर के अभियंता, परिवहन अधिकारी, किसान यूनियन के पदाधिकारी व ट्रांसपोर्ट यूनियन के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त डीएनडी टोल, महामाया फ्लाईओवर व जेवर टोल प्लाजा पर कोहरे के कारण सड़क दुर्घटना से बचाव के लिए अनाउसमेन्ट के माध्यम से वाहन चालकों को जागरूक किया जा रहा है।
1.बिना हेलमेट-3360 2.बिना सीट बेल्ट-107 3.विपरीत दिशा-309 4.नो पार्किग-503 5.ओवर स्पीड-644 6.अन्य-1903
कुल ई-चालान-6826