
Noida News : उत्तर प्रदेश के औद्योगिक राजधानी के नाम से प्रसिद्ध नोएडा शहर में पुलिस व बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो लुटेरे पकड़े गए हैं। दोनों ही लुटेरों के पैरों में गोली लगी है। इन लुटेरों के तीन साथी पुलिस को चकमा देकर भाग गए।
शनिवार, 5 अगस्त 2023 की रात में नोएडा पुलिस कमिश्नरी क्षेत्र के सेंट्रल जोन की पुलिस के साथ बदमाशों की मुठभेड़ हो गई। नोएडा के सेक्टर 142 थाने की पुलिस व लुटेरों के बीच हुई मुठभेड़ में दो लुटेरे घायल हो गए। घायल होकर गिरे लुटेरों को पुलिस ने बंदी बना लिया है। मुठभेड़ के दौरान तीन लुटेरे फरार होने में कामयाब हो गए हैं। पुलिस का दावा है कि फरार लुटेरों केा भी जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
आपको बता दें कि पिछले कुछ दिनों से नोएडा शहर के आसपास लुटेरों का एक गिरोह सक्रिय था। लुटेरों ने एक कंपनी के प्रबंधक को बंधक बनाकर लूट लिया था। लूट की इस घटना के बाद से ही नोएडा कमिश्नरी की पुलिस लुटेरों की तलाश में लगी थी। बीती रात चेकिंग के दौरान लुटेरों व सेक्टर 142 थाने की पुलिस का आमना सामना हो गया। पुलिस को देखकर लुटेरों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में दो लुटेरे घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। दोनों घायल लुटेरों को पुलिस ने तत्काल गिरफ्तार कर लिया। इसी बीच तीन लुटेरे फरार हो गए।
नोएडा पुलिस कमिश्नरी के मीडिया सेल ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में पकड़े गए लुटेरों की पहचान हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर में रहने वाले ब्रह्मजीत सिंह के पुत्र दीपक चौहान तथा बुलंदशहर जिले स्याना कस्बे के रहने वाले जितेंद्र तेवतिया के पुत्र निशांत तेवतिया के रुप में हुई है। मीडिया सेल ने बताया कि लुटेरों के कब्जे से एक स्पलेंडर बाइक व दो तमंचे तथा 20 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। दोनों ही लुटेरे शातिर किस्म के अपराधी हैं। इन्होंने अपने गिरोह के दूसरे सदस्यों के साथ मिलकर लूट की चार घटनाओं को अंजाम दिया था। नोएडा पुलिस की मीडिया सेल का कहना है कि लुटेेरों के अपराधिक इतिहास की और अधिक छानबीन की जा रही है। इस बीच फरार हुए लुटेरों के साथियों को गिरफ्तार करने का अभियान भी लाया जा रहा है। इस अभियान में पुलिस ने अलग अलग टीमों का गठन किया है। Noida News