Noida News : नोएडा स्टेडियम में शुरू हुआ 22वें कैप्टन शशिकांत मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट
22nd Captain Shashikant Memorial Cricket Tournament started at Noida Stadium
भारत
चेतना मंच
05 Oct 2022 06:44 PM
Noida News : नोएडा। कैप्टन शशिकांत शर्मा का बलिदान हम सभी के लिए, खासकर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। 5 अक्टूबर 1998 को सियाचिन ग्लेशियर के युद्ध में पाकिस्तान की फौज से लोहा लेते हुए जिस तरह कैप्टन शशिकांत शर्मा ने देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिया, वह न सिर्फ नोएडवासियों, बल्कि देश व प्रदेशवासियों के लिए गर्व की बात है। यह बात राजस्थान के भरतपुर जिले के नदबई विधानसभा क्षेत्र के विधायक तथा दर्जा प्राप्त कैबिनेट मंत्री जोगिन्द्र सिंह अवाना ने कही। वे आज नोएडा स्टेडियम में 22वें कैप्टन शशिकांत मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का बतौर मुख्य अतिथि उद्घाटन करने के बाद समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता गौतमबुद्ध नगर के पूर्व जिलाधिकारी तथा डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संरक्षक एनपी सिंह ने की।
Noida News :
जोगिन्दर अवाना ने कैप्टन शशिकांत शर्मा की याद में पिछले 22 वर्षों से क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित करने पर आयोजकों का आभार व्यक्त किया और सराहना की। उन्होंने कहा कि इस टूर्नामेंट के जरिए युवा खिलाड़ियों को अपने जौहर दिखाने का सुअवसर मिलता है। वहीं, युवाओं में खेल के प्रति उत्साह पैदा होता है। उन्होंने कहा कि मैं कैप्टन शशिकांत शर्मा के माता-पिता की चरण वंदन करता हूं, जिन्होंने देश के लिए मर मिटने वाले वीर योद्धा को जन्म दिया। यह हम सभी के लिए गौरव की बात है।
शशिकांत के मन मस्तिष्क में देश प्रेम के प्रति सर्वस्व लुटाने का बोध था: एनपी सिंह
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी रहे सेवानिवृत्त वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एनपी सिंह ने कहा कि कैप्टन शशिकांत शर्मा की शहादात महज संयोग नहीं था। उन्होंने देश की रक्षा के लिए अपनी शहादत देने का चयन किया था। उनके मन मस्तिष्क में देश प्रेम के प्रति सर्वस्व लुटाने का बोध था। यही वजह रही कि अपने कर्तव्यबोध का निर्वहन करते हुए वे वीरगति को प्राप्त हुए।
कार्यक्रम का संचालन नवरत्न के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर मानव सेवा समिति के अध्यक्ष यूके भारद्वाज, कैप्टन शशिकांत शर्मा की माता सुदेश शर्मा, भाई डा. नरेश शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता अमित खेमका, सुरेश प्रधान, नैवेद्य शर्मा, अजय गुप्ता, एमएस बुटालिया, भाजपा नेत्री पूनम सिंह, राजेंद्र जैन, विपिन अग्रवाल, कांग्रेस नेता सतेन्द्र शर्मा, जितेन्द्र शर्मा उर्फ जीतू, विकास जैन सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।