
Noida News : यूपी के नोएडा शहर के नागरिकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। खबर यह है कि नोएडा शहर में स्थित सरकारी अस्पताल में बिस्तारों (बैड) की संख्या 100 से बढ़ाकर 240 की जाएगी। इसका अर्थ यह हुआ कि अब नोएडा के सरकारी अस्पताल में एक साथ 240 मरीज भर्ती किए जा सकते हैं।
आपको बता दें कि नोएडा शहर के सेक्टर 39 में सरकारी अस्पताल स्थापित है। इस सरकारी अस्पताल की क्षमता अभी तक 100 बैड की है। अब उत्तर प्रदेश सरकार ने नोएडा समेत प्रदेश के कई सरकारी अस्पतालों की क्षमता बढ़ाने का फैसला किया है। इस फैसले के तहत नोएडा के सरकारी अस्पताल के बिस्तरों की संख्या बढ़ाकर 240 कर दी जाएगी। बिस्तर बढ़ाने के लिए कमरे तो पहले से ही बनकर तैयार हो चुके हैं। उन कमरों में बैड तथा दूसरा फर्नीचर लगाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने 3 करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है।
उत्तर प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव पार्थसारथी सेन ने बताया कि नोएडा के सरकारी अस्पताल की क्षमता 100 बिस्तर से बढ़ाकर 240 बिस्तर तक करने का निर्देश जारी किया जा चुका है। प्रमुख सचिव ने यह भी बताया कि प्रदेश के दूसरे जिलों में भी सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था में व्यापक सुधार करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव पार्थसारथी सेन ने बताया कि नोएडा के अस्पताल के साथ ही साथ प्रदेश के चिकित्सा महाविद्यालयों में चल रहे नर्सिंग होम भी अपग्रेड किए जाएंगे। इस काम के लिए 179 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिए गए हैं। साथ ही लखनऊ के डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल व आयुर्विज्ञान संस्थान में न्यूरो सांइस सेंटर शुरु करने के लिए सवा दो करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
लखनऊ के ही डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नामक सरकारी अस्पताल में नए उपकरण खरीदने के लिए दो करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि नोएडा समेत उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।