
Noida News : यदि आप नोएडा व ग्रेटर नोएडा में रहते हैं तो यह खबर आपके काम की है। नोएडा पुलिस कमिश्नरी गौतमबुद्धनगर के क्षेत्र में ''तीसरी आंख'' खास निगरानी रख रही है। ''तीसरी आंख'' की निगरानी के कारण नोएडा में आप पूरी तरह सुरक्षित हैं। यह जरूर है कि यदि आप वाहन चलाते समय कोई गलती करते हैं तो जरा संभल जाएं क्योंकि नोएडा में चप्पे चप्पे पर तीसरी आंख तैनात है।
आपको बता दें कि नोएडा पुलिस कमिश्नरी के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हिडन कैमरे (सीसीटीवी) लगवाए गए हैं। अपराध को नियंत्रित करने तथा यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए नोएडा कमिश्नरी पुलिस ने 31246 स्थान पर कैमरे लगवाए हैं। इतनी बड़ी संख्या में तो कैमरे मात्र पिछले 6 महीने में लगाए गए हैं। पूरे पुलिस कमिश्नर क्षेत्र में 11524 स्थान चिन्हित किए गए हैं। बचे हुए स्थान पर भी जल्दी ही कैमरे लगवाए जाएंगे।
नोएडा की पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने पूरे गौतमबुद्धनगर जिले की निगरानी कैमरे के जरिए करने की योजना बनाई है। इस योजना को ''ऑपरेशन त्रिनेत्र'' नाम दिया गया है। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत प्रत्येक थाना क्षेत्र को कैमरों की मॉनिटरिंग करने का काम सौंपा गया है। थानों में बैठकर ही पुलिस अपने पूरे थाना क्षेत्र पर निगाह बनाए रख सकती है। इस काम के लिए थानों में खास मॉनिटर लगाए गए हैं, साथ ही कैमरों को कंट्रोल रूम से भी जोड़ा गया है। अधिकतर कैमरों को अपराध होने की संभावना वाले चिन्हित स्थानों पर लगाया गया है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र तथा वीवीआईपी सेक्टरों पर विशेष फोकस किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का मत है कि ऑपरेशन त्रिनेत्र से नोएडा कमिश्नरी पुलिस को व्यापक लाभ मिलेगा। इस अभियान से अपराध पर पूरी तरह से नियंत्रण करने में कामयाबी प्राप्त हो जाएगी। किसी कारण कोई अपराध हो भी जाता है तो कैमरों के जरिए अपराधियों को पकड़ने में तुरंत सफलता प्राप्त हो सकेगी। ऑपरेशन त्रिनेत्र के द्वारा ही पिछले 6 महीने में नोएडा पुलिस ने 360 से अधिक आपराधिक वारदातों का खुलासा करने में सफलता प्राप्त की है। नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को उम्मीद है कि ऑपरेशन त्रिनेत्र नोएडा पुलिस के लिए सबसे बड़ा हथियार साबित होने वाला है।