Noida : नोएडा । घरेलू सामान की आड़ में उड़ीसा से गांजा लेकर आ रहे नशे के एक सौदागर को थाना फेस दो पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसके पास से करीब 42 लाख रुपए का 425 किलो गांजा बरामद हुआ है। सेंट्रल नोएडा जोन के डीसीपी हरीश चंदर ने बताया कि थाना फेस-2 प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने मुखबिर की सूचना पर पंचशील अंडरपास के पास एक टाटा डीसीएम बंद बॉडी डाक पार्सल को जांच के लिए रुकवाया। डीसीएम की तलाशी लेने पर उसमें घरेलू सामान गद्दा, बेड, कुर्सी, मेज, अलमारी, साइकिल, एयर कंडीशनर, बाइक आदि पैक सामान दिखाई पड़े। पुलिस ने जब डीसीएम में रखी प्लास्टिक की करीब 17 बोरी की गहनता से जांच की तो उनमें गांजा भरा हुआ मिला। डीसीपी ने बताया कि प्रत्येक बोरी में 25- 25 किलो गांजा था जिसका कुल वजन 425 किलो है। पकड़े गए गांजे की बाजारु कीमत करीब 42 लाख रुपए के आसपास है। पुलिस टीम ने डीसीएम चालक अजीत कुमार पुत्र प्रेमचंद यादव निवासी नगला केहरी थाना बेवर जिला मैनपुरी को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी ने बताया कि पकडा गया अजीत कुमार केवल एक मोहरा है और इसके जिम्मे उड़ीसा से गांजे को सुरक्षित गंतव्य तक लाना होता है।