
Noida News /ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक महिला सहित चार लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गए। थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के बोटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन के पास तेज गति में आ रही बस ने पैदल जा रहे एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी बस चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान करावलनगर दिल्ली निवासी गिरीश ठाकुर के रूप में हुई इस संबंध में दीपेश ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
थाना कासना क्षेत्र के साइड-4 में मजदूरी कर वापस अपने घर जा रहे एक मजदूर को बोलेरो पिकप ने कुचल दिया। मजदूर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक बैजनाथ मूल रूप से झांसी का रहने वाला था और साइड-4 में बनी झुग्गी में रह रहा था। मृतक के बेटे धीरू ने मुकदमा दर्ज कराया है। थाना रबूपुरा क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेसवे पर पीछे से तेजी से आ रहे वाहन ने कार को ओवरटेक करते हुए होंडा कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में कार सवार रजनी झा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए। मृतक के पति राजेश कुमार झा ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इसी थाना क्षेत्र के भाई पुर गांव के पास कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना कासना क्षेत्र के कस्बे में रहने वाले एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मूल रूप से अलीगढ़ निवासी गजेंद्र पुत्र नेत्रपाल कासना कस्बे में किराये पर रह रहा था। मंगलवार की शाम को पड़ोसियों ने उसे कमरे में फांसी के फंदे पर लटका देख कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में पता चला कि गजेंद्र पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
आत्महत्या की दूसरी घटना सिरसा गांव में हुई जहां हाथरस का रहने वाला गोविंदा पुत्र रमेश कुछ दिनों पूर्व ही अपने भाई के पास रहने के लिए आया था। बीती शाम उसने अपने ऊपर तेल छिडक़कर आग लगा दी। गोविंदा को जलता देखकर आस-पड़ोस के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और गंभीर स्थिति में उसे उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया अस्पताल में उपचार के दौरान गोविंदा की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। Noida News