
Noida News (चेतना मंच)। उत्तर प्रदेश के नोएडा में पिकअप चालक को बंधक बनाकर सामान लूटने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को थाना सेक्टर-126 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से वारदात में प्रयुक्त एक वैगनआर कार, तमंचा, कारतूस, चाकू व पिकअप से लूटा गया सामान बरामद हुआ है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों के दो फरार साथियों की तलाश कर रही है। पुलिस ने इस मामले को चोरी की मामूली धाराओं में दर्ज किया था। शुरूआत से ही पुलिस इस मामले को लूट की बजाय चोरी का बताकर मामले को दबाने में जुटी हुई थी।
थाना प्रभारी अजय सिंह चाहर ने बताया कि गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पुस्ता रोड पर एक वैगनआर कार को जांच के लिए रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर चालक कार मोड कर भाग निकला। पुलिस कर्मियों ने पीछा कर कार को रुकवा लिया और उसमे बैठे पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अश्वनी, अमजद, अख्तर, अंकित तथा शकील बताया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने बीते 7 अक्टूबर को सामान से भरी एक महिंद्रा पिकअप को ओवरटेक कर रुकवा लिया।
इसके बाद उन्होंने चालक सुनील कुमार को महिंद्रा पिकअप से उतार कर अपने वैगनआर कार में बैठा लिया और महिंद्रा पिकअप को अमित अमजद और शकील ले गए। इन लोगों ने पिकअप में भरी जायका पाउच की पिन्नी से भरे कट्टों को उतार कर महिंद्रा पिकअप को सुनसान जगह पर लावारिस छोड़ दिया और चालक सुनील कुमार को सेक्टर-82 की पुलिया के पास उतार कर फरार हो गए।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर 9 कट्टे माल बरामद कर लिया गया है। आरोपियों ने बताया कि वह पिछले एक माह से रेकी कर रहे थे। पकड़े गए आरोपियों के फरार साथी विकास तथा अमित की तलाश की जा रही है।