
Noida News (चेतना मंच)। आज दशहरा के दिन प्रभु श्रीराम के हाथों अंहकारी रावण, कुंभकर्ण तथा मेघनाथ का वध होगा। नोएडा में प्रमुख रामलीला मंचन परिसर में वध के लिए पुतले तैयार हैं। रावण, कुंभकर्ण तथा मेघनाथ के साथ-साथ महंगाई, भ्रष्टाचार के अलावा सनातन धर्म के विरोधियों के भी पुतले फूंके जाएंगे।
श्री सनातन धर्म मंदिर समिति के महासचिव संजय बाली ने बताया कि नोएडा स्टेडियम में आज 70 फुट ऊंचे रावण, 65 फुट ऊंचे कुंभकर्ण तथा 60 फीट ऊंचे मेघनाथ के पुतले दहन किए जाएंगे। इन पुतलों में ग्रीन पटाखों का इस्तेमाल किया जाएगा।
नोएडा के सेक्टर-62 स्थित श्रीराम मित्र मंडल के महासचिव मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि यहां पर भी क्रमश: 70, 65 तथा 60 फीट ऊंचे रावण, कुंभकरण तथा मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यहां पर महंगाई, भ्रष्टाचार के अलावा खासतौर पर सनातन धर्म के विरोधियों के भी पुतले फूंके जाएंगे।
नोएडा के सेक्टर-46 स्थित रामलखन धार्मिक लीला समिति के अध्यक्ष विपिन अग्रवाल ने बताया कि उनके यहां भी शाम को 50 फीट ऊंचे रावण, 60 फीट ऊंचे कुंभकरण तथा 55 फीट ऊंचे मेघनाथ का दहन किया जाएगा।