नोएडा में 75 फीट चौड़ा स्वागत द्वार गिरा, चलते ट्रैफिक में मच सकता था महाभारत
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 10:41 PM
नोएडा में सेक्टर-100 की हाजीपुर सड़क पर शनिवार रात एक विशाल स्वागत द्वार (तोरणद्वार) गिरने से हड़कंप मच गया। नोएडा के सेक्टर 100 में करीब 75 फीट चौड़े इस भारी-भरकम ढांचे के गिरने से बड़ा हादसा टल गया, वरना चलती ट्रैफिक में कई जिंदगियाँ खतरे में पड़ सकती थीं। नोएडा जैसे शहरों में आजकल सड़कों पर विशात स्वागत द्वार बनाना और उसपर अपने प्रिय नेताओं की तस्वीर लगाना आम बात हो गई है। नोएडा जैसे व्यस्त शहर की सड़कों पर यह नजारा अधिकतर देखने को मिल जाता है। Noida News :
भयावह मंजर, लोग सहमे
सेक्टर-100 के सेंचुरी अपार्टमेंट्स के अध्यक्ष पवन यादव ने बताया कि अचानक ढांचा गिरने से ट्रैफिक में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, सेक्टर-117 के युवा एडवोकेट और आरडब्ल्यूए अध्यक्ष कोशिंदर यादव ने बताया कि रात करीब 1 बजे एक मोटरसाइकिल चालक इस ढांचे में फंस गया, लेकिन किसी तरह बच निकला।
जनता में गुस्सा, सवाल उठे
स्थानीय लोगों का कहना है कि समाजसेवी संस्थाओं और आयोजकों के बीच अब एक प्रकार की प्रतिस्पर्धा चल रही है कि कौन सबसे बड़ा द्वार लगाए और किसकी फोटो ऊँचाई पर दिखे। इसके लिए चंदा और पब्लिक मनी का दुरुपयोग हो रहा है। स्थानीय निवासी सवाल कर रहे हैं कि क्या जनता के पैसों और संस्थाओं के फंड का इस्तेमाल इस तरह के जोखिम भरे दिखावे में होना चाहिए? क्या लोकप्रियता दिखाने के लिए सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करना जरूरी है?
नियम बनें सख्त, जिम्मेदारी तय हो
निवासियों की मांग है कि प्रशासन सख्त नियम बनाए। बिना अनुमति कोई संस्था या व्यक्ति सार्वजनिक सड़क पर द्वार नहीं लगाए। नियम तोड़कर लगाए गए द्वार तुरंत हटाए जाएं और खर्च आयोजकों से वसूला जाए। सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो। फिलहाल, लोग यही पूछ रहे हैं कि अगर लोकप्रियता दिखानी ही है, तो क्यों न अपने घर की छत या दरवाजे पर ऐसे द्वार लगाएँ, जनता की जान से खेलवाड़ क्यों? Noida News