
Noida News : ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना बिसरख क्षेत्र के एसके ग्रीन सोसाइटी में रहने वाले 80 वर्षीय वृद्ध ने फांसी लगाकर जान दे दी। वृद्ध रेलवे से रिटायर्ड कर्मचारी थे और अपने परिजनों के साथ सोसाइटी में रह रहे थे। एसके ग्रीन सोसाइटी के वाइट आर्चड टॉवर में वेद प्रकाश नंदा अपने परिजनों के साथ रह रहे थे। वह रेलवे से रिटायर्ड कर्मचारी थे।
सुबह जब वह देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं निकले तो परिजनों ने भीतर जाकर देखा। कमरे में वेद प्रकाश नंदा फांसी के फंदे पर लटके हुए थे। परिजनों ने उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थाना बिसरख पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वेद प्रकाश नंदा की पत्नी का करीब 3 वर्ष पूर्व निधन हो चुका है और वह सोसाइटी में अपने बेटे बहू के साथ रह रहे थे। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह का मामला प्रकाश में आ रहा है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच पड़ताल कर रही है।
गांव नया बांस में किराये पर रहने वाला एक व्यक्ति का शव उसके कमरे से बरामद हुआ है। पुलिस आशंका जता रही है कि संभवत: हार्टअटैक की वजह से उक्त व्यक्ति की मौत हुई है। थाना फेस वन प्रभारी ध्रूव भूषण दूबे ने बताया कि बीती शाम पुलिस को सूचना मिली कि नया बांस गांव में किराये पर रहने वाला राजकुमार शर्मा दरवाजा नहीं खोल रहा है। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन राजकुमार ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद पुलिस ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजे को तोड़ दिया। कमरे में अंदर राजकुमार अपने बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़े हुए थे।
मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुला कर साक्ष्य एकत्रित किए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि राजकुमार शर्मा मूल रूप से पीलीभीत के रहने वाले थे। गत दिसंबर माह में उनके इकलौते जवान बेटे का निधन हो गया था इसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। राजकुमार हृदय रोग से भी ग्रस्त थे। संभवत: उनकी मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चल पाएगा। Noida News