
Noida News (चेतना मंच)। थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सेक्टर-41 में नौवीं कक्षा के छात्र ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। स्कूल से शिकायत मिलने पर परिजनों ने छात्र को डांटा था। इसके अलावा एक अन्य युवक ने भी फांसी लगाकर जान दे दी।
थाना प्रभारी ने बताया कि सेक्टर-41 में रहने वाले नरेश पाल के 13 वर्षीय बेटे हिमांशु कुमार ने अपने घर में फांसी लगा ली। हिमांशु को फांसी के फंदे पर लटका देखकर परिजन उसे उपचार के लिए प्रयाग अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हिमांशु नौवीं कक्षा का छात्र था। गत दिनों उसका स्कूल में टेस्ट था। टेस्ट वाले दिन वह स्कूल नहीं गया, जिस पर टीचर ने उसके परिजनों को स्कूल में बुलाकर उसकी शिकायत की। शिकायत मिलने पर परिजनों ने हिमांशु को डांट दिया जिससे गुस्सा होकर उसने स्कूल से आकर फांसी लगा ली।
इसके अलावा सेक्टर-44 के गली नंबर-3 में रहने वाला सौरव कुमार अपने कमरे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। फांसी के फंदे पर लटका देखकर उसकी पत्नी ने आस-पड़ोस के लोगों की मदद से उसे नीचे उतारा। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने अपनी पत्नी से पूछताछ न करने का जिक्र किया है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सौरव शादीशुदा था और उसकी पहली पत्नी गांव में रह रही है। नोएडा में उसने एक अन्य महिला से शादी कर ली थी और उसी के साथ रह रहा था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। Noida News