
Noida News Live : एक तरफा प्यार में पागल एक युवक ने एक लड़की की वीडियो इंस्ट्राग्राम पर वायरल कर दी। लड़की ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने लड़की और उसके दोस्त पर कैंची से हमला कर दिया। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया है।
मूल रुप से बागपत निवासी एक लड़की नोएडा के सेक्टर-39 में रहती है। इस लड़की ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह हाजीपुर में किराये पर पीजी में रहती है तथा सेक्टर-104 स्थित अपोलो क्लीनिक में काम करती है। अस्पताल में ही मेराज पुत्र आजाद निवासी कोलकाता भी नौकरी करता है। विराज ने लड़की का एक वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल कर बदनाम करने की कोशिश की। वह लड़की का अक्सर पीछा करता था। 16 जुलाई को युवक पीड़िता से माफी मांगने आया लेकिन अचानक उसने लड़की पर कैंची से वार कर दिया। बीच में बचाव के लिए प्रिंस नामक युवक के सीने पर भी उसने कैंची मारने की कोशिश की। घायल प्रिंस को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोल्डड्रिंक और सिगरेट के पैसे मांगने पर चार अज्ञात युवकों ने एक दुकानदार को इतना पीटा कि वह बेहोश हो गया। दुकानदार की पिटाई के बाद चारों युवक मौके से फरार हो गए। थाना फेस-2 में सौरभ पुत्र रूपेन्द्र निवासी नया गांव ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि फेस-2 बस स्टैंड पर उसका भाई अनुज और अनिरूद्ध दुकान पर थे तभी 4 अज्ञात लडक़े आए और कोल्डड्रिंक व सिगरेट ले ली। जब उनके भाई ने सामान के पैसे मांगे तो चारों लडक़े गाली-गलौज करने लगे और अचानक लोहे की सरिया से अनिरूद्ध के सर पर हमला कर दिया। इस हमले में उनका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया और वहीं बेहोश हो गया। हमले के बाद लडक़े मौके से फरार हो गए।
थाना बादलपुर क्षेत्र में श्रावण शिवरात्रि पर हुए बवाल के बाद 10 नामजद लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इस मामले में पुलिस उपनिरीक्षक प्रसून कटियार ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा है कि धार्मिक भावनाओं को भड़काकर एक व्यक्ति विवादित स्थान पर धार्मिक स्थल बनाने का षड़यंत रच रहा है। थाना बादलपुर में दर्ज रिपोर्ट में उपनिरीक्षक प्रसून कटियार ने बताया कि शिवरात्रि पर गांव में कुएं की जमीन को लेकर पाल व मुस्लिम समाज के बीच तनाव है। पाल समाज ने उक्त जमीन पर एसडीएम दादरी से धार्मिक स्थल बनाने की अनुमति मांगी थी परन्तु उनका आवेदन निरस्त कर दिया गया था।
गांव शादीपुर छिडौली के तारा पुत्र मोहन लाल अपने कुछ साथियों के साथ शिवरात्रि पर हरिद्वार से जल लेकर आए थे और कुएं की सार्वजनिक जमीन पर जलाभिषेक कर उसे मंदिर का रूप देने का प्रयास करना चाहते थे। जिसके बाद गांव वालों ने इसका विरोध किया। सूचना पर तुरंत पुलिस पहुंची तथा लोगों को समझाया। इस दौरान तारा के साथ आए अंकित, वेदप्रकाश, अभिमन्यु, दीपक, दयाचंद, अमित, महेश, धर्मचंद, नीतेश व महेन्द्र पुत्र कांछित व कुछ अन्य लोग विवादित स्थल पर आ गए और हंगामा करने लगे।
यह सभी लोग विवादित जमीन पर धार्मिक स्थल बनाना चाहते थे। इन लोगों ने एसएचओ की बात को भी अनसुना कर पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की तथा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाडऩे के उद्देश्य से जलाभिषेक करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिस ने इन लोगों को रोका। रिपोर्ट में कहा गया है कि महेद्र पुत्र कांछित गांव में धार्मिक भावनाओं को भड़काकर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाडऩा चाहता है। Noida News Live