
Noida News : नोएडा समेत पूरे एनसीआर में मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों के साथ लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों के साथ नोएडा की पुलिस ने शनिवार की सुबह लंगड़ा कर दिया है। नोएडा पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दूसरा बदमाश मौके से फरार हो गया। घायल हुए बदमाश के पास से पुलिस ने एक बाइक एवं तमंचा कारतूस बरामद किए हैं।
नोएडा पुलिस कमिश्नरेट में तैनात एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि नोएडा के थाना सेक्टर 39 पुलिस शनिवार की सुबह सेक्टर 37 के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने बाइक पर आ रहे दो युवकों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर बदमाशों ने बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस द्वारा पीछा करने पर बदमाशों ने सेक्टर 43 के पास पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में बाइक सवार एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों बदमाश सड़क पर गिर गए। गोली लगने से घायल हुए बदमाश को पुलिस ने दबोच लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम आरिफ पुत्र फरीद निवासी ग्राम भोपुरा जनपद गाजियाबाद बताया है। एडीसीपी ने बताया कि पकड़ा गया आरिफ अपने साथी के साथ मिलकर सुबह की सैर पर निकलने वाले लोगों से लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। पकड़े गए आरिफ ने बताया कि उसने लूटपाट की दर्जनों वारदातों को अंजाम दिया है। आरिफ के फरार साथी की तलाश की जा रही है और गिरफ्तार बदमाश का अपराधिक इतिहास खंगाल रही है।