ठक-ठक गिरोह का शातिर बदमाश आया पुलिस की गिरफ्त में, लोगों को करता था गुमराह
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
27 Nov 2025 11:43 AM
Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर में कारों का शीशा तोड़कर लैपटॉप और कीमती सामान साफ करने वाले ठक-ठक गिरोह ने नोएडा में लगातार चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की नाक में दम कर रखा है, लेकिन नोएडा पुलिस ने भी इन शातिर बदमाशों की क्लास लगाने की कसम खा ली है। इसी बीच खबर आ रही है कि एक शातिर बदमाश को नोएडा पुलिस ने धर दबोचा है। बताया जा रहा है कि सेक्टर-113 कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे ठक-ठक गिरोह के बदमाश को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ जारी कर दी है।
ये सामान किए बरामद
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अभिषेक बताया है। जो ठक-ठक गैंग के लिए काम करता था और लोगों को अपनी बातों में उलझाकर चोरी की वारदात को अंजाम देकर फुर्र हो जाता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कार का शीशा तोड़कर चुराये 10 लैपटॉप व अन्य कीमती सामान बरामद किए हैं।
कई इलाकों में कर चुका है चोरी
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त अब तक नोएडा, दिल्ली, गाजियाबाद समेत एनसीआर क्षेत्र में सैकड़ों वारदातों को अंजाम दे चुका है। विभिन्न थानों में उसके खिलाफ तीन दर्जन से अधिक मुकदमें दर्ज हैं। इसके पूर्व पुलिस उसके कई साथियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वह गैंगस्टर में वांछित था तथा फरार चल रहा था। पुलिस अभिषेक से सख्ती से पूछताछ करके अन्य सदस्यों व वारदातों का पता लगा रही है। Noida News