नोएडा को सौगात, जल्द बनेगी तीसरी एलिवेटेड रोड, जानें कहां से कहां तक
Noida News
भारत
चेतना मंच
09 Mar 2025 09:45 PM
Noida News : नोएडा में लगने वाला ट्रैफिक जाम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनता जा रहा है। इसे कम करने और शहर की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए नोएडा प्राधिकरण एक नई एलिवेटेड रोड बनाने जा रहा है। यह रोड रजनीगंधा अंडरपास (सेक्टर-3) से लेकर सेक्टर-57 चौराहे तक बनाई जाएगी, जिससे दिल्ली-एनसीआर के लाखों लोगों को फायदा होगा और सड़क पर ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा।
कैसा होगा एलिवेटेड रोड का रूट?
यह एलिवेटेड रोड लगभग 5.5 किलोमीटर लंबी होगी। इसका निर्माण रजनीगंधा अंडरपास से शुरू होकर सेक्टर-12, 22 और 56 तिराहा होते हुए सेक्टर-57 के चौराहे तक किया जाएगा। यह रोड नोएडा के विभिन्न सेक्टरों को जोड़ेगी और यात्रा को तेज और सुगम बनाएगी। इस एलिवेटेड रोड से खासतौर पर नोएडा के इंडस्ट्रियल और रिहायशी इलाकों को फायदा मिलेगा। आसपास के कई महत्वपूर्ण सेक्टरों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। खासकर गाजियाबाद, खोड़ा, इंदिरापुरम और दिल्ली जाने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
कैसा होगा एलिवेटेड रोड का डिजाइन?
चार लेन की एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी। इसे सिंगल पिलर डिजाइन पर बनाया जा सकता है, जिससे सड़क के नीचे की जगह का भी उपयोग किया जा सके। ट्रैफिक लाइट्स की संख्या कम होने से गाड़ियां बिना रुके तेजी से आगे बढ़ सकेंगी। इस प्रोजेक्ट पर 600 से 700 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। अभी इस परियोजना के लिए योजना और बजट निर्माण का काम चल रहा है। माना जा रहा है कि 2025 तक इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो सकता है और अगले 3-4 वर्षों में इसे पूरा कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि इस प्रोजेक्ट का शिलान्यास 2015-16 में सपा सरकार के कार्यकाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किया था। हालांकि, अब जाकर इस पर दोबारा काम शुरू किया जा रहा है।
अन्य एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट भी जारी
नोएडा में इस समय कई अन्य एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट पर भी काम हो रहा है।
1. भंगेल एलिवेटेड रोड डीएससी रोड पर निर्माण जारी।
2. चिल्ला एलिवेटेड रोड दिल्ली के चिल्ला रेगुलेटर से नोएडा के महामाया फ्लाईओवर तक, जल्द शुरू होने की उम्मीद।
क्या होगा फायदा?
यात्रा का समय कम होगा, पहले जहां जाम में फंसकर 30-40 मिनट लगते थे, वहां अब 10-15 मिनट में सफर पूरा होगा। रेड लाइट से मिलेगी मुक्ति जिसके कारण बिना रुकावट सीधे सेक्टर-57 तक पहुंचा जा सकेगा। प्रदूषण में कमी आएगी क्योंकि ट्रैफिक जाम कम होने से गाड़ियों का ईंधन कम जलेगा और प्रदूषण भी घटेगा। औद्योगिक क्षेत्रों की कनेक्टिविटी सुधरेगी और नोएडा के प्रमुख औद्योगिक सेक्टरों तक पहुंचना आसान होगा। यह एलिवेटेड रोड नोएडा के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करेगी और यात्रियों को बेहतर अनुभव देगी। ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए यह प्रोजेक्ट किसी राहत से कम नहीं होगा। अब देखना यह है कि इस प्रोजेक्ट पर काम कब से शुरू होता है और इसे कब तक पूरा किया जाता है। Noida News