
Noida News: डाक्टर को भगवान का रुप भी कहा जाता है, लेकिन जब डाक्टर ही हैवान बन जाए तो किस पर भरोसा किया जा सकता है। नोएडा के सेक्टर 49 थाना क्षेत्र के गांव बरौला में एक डाक्टर ने एक महिला को नींद की गोलियां खिलाकर बेहोश कर दिया और इसके बार उसकी जिंदगी को तार तार कर दिया। आरोप है कि डाक्टर ने महिला के साथ कई दिन तक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी डाक्टर को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि एक महिला ने थाने में बीती रात रिपोर्ट दर्ज कराई है कि बरौला गांव में एक अस्पताल के संचालक डॉ. हरिओम से उसकी फेसबुक के माध्यम से दोस्ती हुई। उन्होंने बताया कि महिला का आरोप है कि चिकित्सक ने उसे नोएडा बुलाया तथा नींद की गोलियां देकर उसके साथ कई दिनों तक बलात्कार किया।
थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने पीड़िता के हवाले से कहा कि बाद में बलात्कार का विरोध करने पर चिकित्सक ने उसके साथ मारपीट की तथा धमकी दी कि अगर उसने यह बात किसी से बताई तो उसकी अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।
पीड़िता ने डॉक्टर की पत्नी, बेटी और उसके (बेटी के) दोस्त के खिलाफ भी मारपीट करने एवं धमकी देने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता ने बीती रात घटना की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी चिकित्सक को गिरफ्तार कर लिया है।