
Noida News : यदि आप कोई वाहन चालक हैं और नोएडा अथवा ग्रेटर नोएडा में वाहन चलाते हैं तो सावधान हो जाएं। गाड़ी चलाते हुए जरा सी गलती आपो बहुत भारी पड़ सकती है। यहां चप्पे चप्पे पर सीसी टीवी कैमरे व ट्रैफिक पुलिस कर्मी तैनात हैं। पिछले मात्र 11 दिनों में सड़क पर गलती करने वाले 93 हजार वाहन चालकों के चालान काटे गए हैं।
आपको बता दें कि नोएडा की पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह यातायात व्यवस्था को लेकर बेहद सतर्क हैं। उनका प्रयास है कि यातायात के नियमों का सख्ती के साथ पालन किया और कराया जाए। इसी बात को ध्यान में रखते हुए 17 जुलाई से 31 जुलाई तक नोएडा पुलिस कमिश्नी के पूरे क्षेत्र यानि गौतमबुद्धनगर जिले में यातायात सुरक्षा अभियान चलाया गया था। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि 17 जुलाई से 31 जुलाई तक यातायात नियमों को तोड़ने वाले 92 हजार 540 वाहन चालकों के ई चालान किए है। यातायात के नियमोें का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा।
नोएडा कमिश्नरी की पुलिस यातायात व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के मकसद से अनेक कदम उठा रही है। एक व्यवस्था हर थाना स्तर पर शुरू की जा रही है। इस व्यवस्था के तहत सोमवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय में एक प्रशिक्षण कार्यकम आयोजित किया गया।
पुलिस के मीडिया सेल ने बताया कि पुलिस आयुक्त कार्यालय सेक्टर 108 के ऑडिटोरियम में पुलिस उपायुक्त यातायात गौतमबुद्धनगर श्रीमती सुनीति के नेतृत्व में स्पेशल यूनिट "मोटर एक्सीडेन्ट क्लेम पिटीशन’’ के सम्बन्ध में थाना स्तर पर टीम गठन के लिए कमिश्नरेट के प्रत्येक थाने से 2-2 निरीक्षक, उपनिरीक्षक, कम्पयूटर ऑपरेटर, समस्त यातायात निरीक्षक, यातायात उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी को सहायक पुलिस आयुक्त यातायात प्रथम सौरभ श्रीवास्तव, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात द्वितीय अमित प्रताप सिंह एवं सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी गौतमबुद्धनगर द्वारा प्रशिक्षित किया गया। इस अवसर पर बीमा कम्पनी के अधिकारियों ने एक्सीडेंट क्लेम के सम्बन्ध में आवश्यक तकनीकी जानकारी भी दी।
इस मौके पर एसीपी ट्रैफिक ने बताया कि 17 जुलाई से 31 जुलाई तक सडक सुरक्षा पखवाडा मनाया गया। सडक सुरक्षा पखवाडे के दौरान आमजन, वाहन चालकों, छात्र-छात्राओं आदि को यातायात नियमों का पालन करने के सम्बन्ध में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में 19,315 छात्र-छात्राएं एवं 60,045 ऑटो,ई-रिक्शा, बस, टैक्सी चालकों व आमजन को जागरूक किया गया।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्यवाही करते हुए 92540 ई-चालान किये गये। सड़क सुरक्षा पखवाडा के समापन पर उपस्थित अधिकारी, कर्मचारी, एनजीओ सदस्यों को यातायात नियमों का पालन करने के सम्बन्ध में शपथ दिलाई गई। Noida News