
Noida News : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से पांच सवाल पूछने को लेकर युवक कांग्रेस ने आज से पोस्ट कार्ड अभियान छेड़ दिया है। जनपद गौतमबुद्ध नगर समेत समूचे उत्तर प्रदेश में हर शहर तथा गांव में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत युवा कांग्रेस के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता जन-जन तक जाएंगे एवं उनको कहेंगे कि वे पोस्ट कार्ड भेजकर प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी से पांच सवाल पूछें। यह जानकारी दी युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ओमवीर यादव तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी हेवरन कसाना ने।
युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष तथा एआईसीसी सदस्य पुरूषोत्तम नागर ने बताया कि "जवाब दो मोदी जी" की पंच लाइन के साथ छेड़े गए पोस्ट कार्ड अभियान के जरिए कांग्रेस केन्द्र सरकार के "पोषक पुत्र" गौतम अडानी तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच "मधुर संबंधों" का पर्दाफाश करेगी।
उन्होंने बताया कि इस दौरान प्रधानमंत्री से निम्न सवाल पूछे जाएंगे- 1- अडाणी ने अब तक बीजेपी को कितने करोड़ का फंड दिया ? 2- आपके आधिकारिक विदेशी दौरों के बाद अडानी को कितने ठेके मिले ? कृपया हमें वह सूत्र बताएं जिसकी बदौलत आपका प्रिय मित्र दुनिया में 609वें स्थान से 8 वर्षों में दूसरा सबसे धनी व्यक्ति बना ?
प्रदेश अध्यक्ष ओमवीर यादव व प्रदेश प्रभारी हेवरन कसाना ने बताया कि कांग्रेस के सांसद व पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा उक्त सवाल पूछने तथा जेपीसी गठित करने की मांग से निरूत्तर व चौतरफा घिरी भाजपा सरकार ने एक साजिश के तहत उनको अदालत से सजा दिलवाकर उनकी लोकसभा सदस्यता छीन ली ताकि संसद में वे सवाल न उठा पायें। लेकिन युवक कांग्रेस इन सवालों को लेकर संसद से सडक़ तक अभियान छेडऩे जा रही है ताकि भाजपानीत केन्द्र सरकार का असली चेहरा जनता के सामने उजागर किया जा सके।