
Noida News : नोएडा और दिल्ली एनसीआर में रविवार की सुबह वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई है। दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) शनिवार को 173 के मुकाबले 266 दर्ज किया गया। सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च के अनुसार, इंडिया गेट के पास कर्तव्य पथ पर वायु गुणवत्ता 266 और IGI टर्मिनल T3 पर 276 दर्ज की गई। इस बीच, नोएडा में AQI 290 (खराब) और गुरुग्राम में 152 (मध्यम) दर्ज किया गया।
नई दिल्लीमें आनंद विहार की वायु गुणवत्ता सबसे खराब रही। यहां 345 AQI के साथ एयर क्वालिटी बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गई। आईटीओ में 309 AQI और न्यू मोती बाग 360 AQI दर्ज किया गया. द्वारकर सेक्टर-8 में 313 AQI दर्ज किया गया। दिल्ली-एनसीआर में एक्यूआई का लेवल 248 तक पहुंचने पर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) शनिवार को एक्शन में नजर आया और इसकी उप-समिति ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के चरण II को लागू करने का फैसला किया। मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और बूंदाबांदी होने की संभावना जताई है। बारिश आती है तो हवा में सुधार देखने को मिलेगा।
दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और एनसीआर क्षेत्र में अन्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड GRAP के दिशानिर्देशों के कार्यान्वयन के लिए जिम्मेदार हैं, जिसमें राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में निर्माण गतिविधियों पर प्रतिबंध, शैक्षणिक संस्थानों को बंद करना, भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध जैसे उच्च स्तर पर अधिक गहन कदम शामिल हो सकते हैं। जीआरएपी के दूसरे चरण के तहत, सरकार निजी वाहनों के उपयोग को हतोत्साहित करने के लिए पार्किंग शुल्क बढ़ाने और सीएनजी/इलेक्ट्रिक बसों और मेट्रो की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने जैसे कदम उठाती है।