
Noida News : अयोध्या में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के पूर्व आमंत्रण के लिए अयोध्या से पूजित अक्षत पीले चावल कलश यात्रा शुक्रवार की शाम को नोएडा पहुंचेगी।
यह कलश यात्रा मेरठ प्रांत से चलकर शुक्रवार की शाम नोएडा के सेक्टर-62 पहुंचेगी। यहां से विभिन्न मार्ग होते हुए ढोल-नगाड़ों के साथ सीधे सेक्टर-34 स्थित हनुमान राम मंदिर (बिलबोंग स्कूल के पास) पहुंचेगी। यहां पर अयोध्या से आया अक्षत कलश स्थापित किया जाएगाँ यहां से छोटे कलशों में अक्षत भरकर 15 प्रखंडों में भेजा जाएगा। जहां पर प्रखंड प्रभारी घर-घर जाकर यह अक्षत वितरित करेंगे।
इस मौके पर विश्व हिन्दू परिषद के नोएडा महानगर धर्म प्रचार प्रमुख राजीव शर्मा, संघ के महानगर कार्यवाह सतेन्द्र, विहिप के महानगर प्रचारक विभाग संगठन मंत्री सुमित, राहुल, मंत्री छाया सिंह, दिनेश महावर, सतबीर समेत सैकड़ों विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल, आरएसएस तथा भाजपा नेता आदि मौजूद रहेंगे।