
Noida News (चेतना मंच)। सेक्टर-130 में किसानों को आवंटित 5 फीसदी भूखंडों में अभी भी आवंटी विद्युत आपूर्ति के इंतजार में प्राधिकरण की ओर टकटकी लगाये बैठे हैं।
आवंटियों का आरोप है कि किसानों को आवंटित भूखंडों पर दो माह पूर्व बिजली के पोल भी लग गये हैं तथा केबिल भी लगा दी गई है। लेकिन उन केबिल में करंट नहीं दौड़ रहा है, जिसके कारण लोगों को अपने मकानों का निर्माण कराने तथा पानी के लिए मोटर आदि चलाने में दिक्कत हो रही है। चाहकर भी लोग अपने मकानों का निर्माण नहीं करा पा रहे हैं।
सेक्टर-130 के आरडब्ल्यूए उपाध्यक्ष अशोक चौहान ने बताया कि अभी तक खंभे में खींची गई तारों को मेन कनेक्शन से जोड़ा नहीं गया है। लोगों को जनरेटर के जरिए तथा दूरदराज से बिजली लेकर निर्माण कार्य करवाने पड़ रहे हैं। इसको लेकर प्राधिकरण के विद्युत व यांत्रिकी विभाग खंड-4 के वरिष्ठ प्रबंधक निजामुद्दीन से भी मिलकर शिकायत की गई पर नतीजा वही ढॉक के तीन पात।
श्री चौहान ने बताया कि सूत्रों से पता चला है कि विद्युत विभाग को लाइन हैंडओवर करने के लिए जो निर्धारित धनराशि दी जाती है वह धनराशि नोएडा प्राधिकरण ने अभी तक जमा नहीं की है। यही कारण है कि विद्युत आपूर्ति चालू नहीं हो पा रही है। Noida News