
Noida News : नोएडा, ग्रेटर नोएडा व दिल्ली NCR में चेन लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले कुख्यात अल्ताफ राजा गैंग के एक और बदमाश को थाना बिसरख पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान लंगड़ा कर दिया है। बिसरख पुलिस ने कुछ दिन पहले दिन दहाड़े एक मुठभेड़ के दौरान इस कुख्यात गैंग के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया था। अल्ताफ राजा गैंग दिल्ली एनसीआर में चेन लूटपाट की कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है। इस गैंग में ज्यादातर कम उम्र के बदमाश शामिल हैं।
थाना बिसरख पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, चेकिंग के दौरान एक यामहा मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध को चेकिंग के लिए रुकने का इशारा किया गया तो उक्त वह मोटरसाइकिल को वापस मोड़कर भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया तो बदमाश पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्यवाही में पुलिस ने भी गोली चलाई, जो बदमाश के पैर में लगी और वह घायल होकर वहीं गिर गया। गिरफ्तार घायल बदमाश की पहचान ब्रहमदत्त उर्फ कमल पुत्र मनोहर लाल निवासी नंद नगरी, थाना नंद नगरी, दिल्ली के रुप में हुई है। उसके कब्जे से 1 अवैध तमंचा, 1 चेन व एक मोटरसाइकिल यामाह आर-15 बरामद हुई है।
पकड़े गए बदमाश ने पूछताछ में बताया कि वो अल्ताफ राजा गिरोह का सदस्य है और उसने गैंग के सदस्य शहबाज उर्फ पोली व राहुल उर्फ बन्टी के साथ मिलकर एनसीआर व नोएडा क्षेत्र में बाइक बदल-बदलकर लूट की घटनाओं को अंजाम दिया है। घटना को अंजाम देने से पहले रैकी करते थे। गिरफ्तार बदमाश ब्रहमदत्त उर्फ कमल के खिलाफ लूट आदि के कई मुकदमे दर्ज है। Noida News in hindi