
Noida News : गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा लगातार गैंगस्टरों की कमर तोड़ने का कार्य किया जा रहा है। इसी के तहत शातिर बदमाशों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई कर अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्ति को कुर्क किया जा रहा है। पुलिस आयुक्त न्यायालय गौतमबुद्धनगर द्वारा शातिर बदमाश और गैंगस्टर निर्दोष गुप्ता उर्फ रमेश की करीब एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति को कुर्क किए जाने के आदेश दिए गए हैं।
नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस आयुक्त न्यायालय गौतमबुद्ध नगर द्वारा 14 (1) गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई के तहत आरोपी निर्दोष गुप्ता उर्फ रमेश पुत्र पर बद्री प्रसाद गुप्ता निवासी बी ब्लॉक गली नंबर 9 अशोक नगर थाना ज्योति नगर दिल्ली द्वारा अवैध रूप से अर्जित किए गए मकान को कुर्क किए जाने के आदेश दिए गए हैं।
आरोपी मूल रूप से भागलपुर बिहार का रहने वाला है और गैंग बनाकर अपराधिक वारदातों को अंजाम देता है। निर्दोष गुप्ता के खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत थाना सेक्टर 20 द्वारा चलानी रिपोर्ट न्यायालय में दी गई थी। इस रिपोर्ट के बाद न्यायालय ने आरोपी द्वारा अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्ति को कुर्क किए जाने के आदेश दिए हैं। Noida News