
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा के सेक्टर-51 तथा 52 के बीच स्थित मेट्रो की ब्लू लाइन और एक्वा लाइन मेट्रो स्टेशनों में रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों को अगले वर्ष मार्च के बाद पैदल चलने की मुसीबत से निजात मिल जाएगी। दरअसल, सेक्टर-51 तथा सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशनों को जोडऩे के लिए नोएडा प्राधिकरण द्वारा बनाया जा रहा स्काई वॉक का कार्य मार्च -2024 में पूरा हो जाएगा।
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि पिछले 7 माह में स्काईवॉक का कार्य 55 फीसदी पूरा हो चुका है। इसके निर्माण की अंतिम डेड लाइन 31 मार्च 2024 निर्धारित है।
बता दें कि नोएडा प्राधिकरण दोनों स्टेशनों के बीच 25 करोड रुपए की लागत से स्काईवॉक का निर्माण कर रहा है। इस स्काई वॉक की लंबाई 420 मीटर है तथा इस पर लगाए जाने वाले ट्रैवलर की लंबाई 230 मीटर होगी। ट्रैवलर के जरिए यात्री एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन आसानी से पहुंच सकते हैं। स्काईवॉक के सिविल कार्यों में 10.62 करोड़ रूपए खर्च होंगे। इसकी चौड़ाई 6.3 मीटर है।
पहले दोनों स्टेशनों के बीच यात्रा करने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने निशुल्क ई-रिक्शा की व्यवस्था की थी।लेकिन स्काईवॉक का निर्माण शुरू होने के बाद ई-रिक्शा कॉरिडोर को तोड़ दिया गया है जिससे यात्रियों को एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन जाने के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन स्काईवॉक बनने के बाद हजारों यात्रियों को इस मुसीबत से निजात मिल जाएगी।