
Noida News : लंबे अर्से से यह प्रस्ताव चल रहा है कि नोएडा व ग्रेटर नोएडा के बीच चलने वाली एक्वा मेट्रो ट्रेन का कोई उपनाम रखा जाए। अब नोएडा मेट्रो रेल कारपोरेशन (NMRC) के बोर्ड ने तय किया है कि जनता से सुझाव मांगा जाए कि एक्वा मेट्रो रेल का क्या नाम रखा जाए।
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के अत्याधुनिक शहर नोएडा व ग्रेटर नोएडा को जोड़ने के लिए एक्वा मेट्रो ट्रेन चलाई जाती है। प्रत्येक दिन कई हजार लोग इस मेट्रो रेल सेवा से यात्रा करते हैं। इस मेट्रो रेल का केाई आकर्षक सा उपनाम रखने का प्रस्ताव चल रहा है। बुधवार को हुई NMRC की एक बैठक में फैसला किया गया कि जनता से सुझाव लेकर जल्दी ही एक्वा मेट्रो का नामकरण कर दिया जाए।
एनएमआरसी के प्रवक्ता ने चेतना मंच को बताया कि नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच एक्वा मेट्रो लाइन का उपनाम रखा जाएगा। बेंगलुरू मेट्रो की तर्ज पर यह कवायद की जाएगी। हालांकि, यह नाम जनता के सुझाव से तय होगा। बुधवार को नोएडा मेट्रो रेल निगम (एनएमआरसी) की बोर्ड बैठक में यह फैसला लिया गया। बेंगलुरू में संचालित मेट्रो का उप नाम नम्मा रखा गया है। इसी तरह देश के अन्य कुछ शहरों में मेट्रो का उप नाम रखा जा चुका है।
एक्वा लाइन मेट्रो का कोई उप नाम नहीं है। एनएमआरसी की पहली बोर्ड बैठक में बतौर प्रबंध निदेशक शामिल हुए डॉ. लोकेश एम. ने इस बात पर जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस बारे में जनता से सुझाव लिए जाएं। बैठक में एनएमआरसी की बैलेंस शीट को भी मंजूरी दी गई। साथ ही, ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के नाम की एनएमआरसी बोर्ड में निदेशक के तौर पर औपचारिक घोषणा की गई। Noida News