Noida News:... मानो इंद्रधनुषी रंगों से सराबोर हो नोएडा!
भारत
चेतना मंच
26 Nov 2025 07:53 PM
नोएडा। दीपावली के पूर्व रात में नोएडा इंद्रधनुषी रंगों में सजी किसी नई नवेली दुल्हन सी दिख रही है। नोएडा प्राधिकरण खासकर विद्युत यांत्रिकी विभाग ने पूरे शहर को बिजली की रंग-बिरंगी रोशनी से मानो सराबोर कर दिया हो।
नोएडा के सेक्टर-14ए स्थित प्रवेश द्वार तथा जगह-जगह पर बने प्रमुख भवनों को रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। जगह-जगह चौराहों पर लगे फव्वारे, मूर्तियों के अलावा अंडरपास, फ्लाईओवर को रोशनी से नाहला दिया गया है। यही नहीं चौराहों पर लगे हजारों बिजली के खंभों को भी तिरंगी लाइटों से सजाया गया है। रात में नोएडा में कहीं भी गुजरते समय ऐसा लगता है जैसे किसी विदेशी शहर में बिचरण कर रहे हों।
समूचा शहर किसी नई नवेली दुल्हन से कम नहीं दिख रहा है। इसका श्रेय नोएडा प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु महेश्वरी तथा उनकी टीम को जाता है। मालूम हो कि पिछले 2 वर्षों के दौरान नोएडा मेें ना सिर्फ साफ-सफाई बल्कि जगह-जगह कलाकृति मूर्तियां, चित्रकारी व अन्य संसाधनों से नोएडा को एक आकर्षक रूप प्रदान किया है। शाम के वक्त नोएडा में कहीं से गुजरते समय नोएडा की छटा देखते ही बनती है। नोएडा की नई साज-सज्जा को लेकर नोएडावासी अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं तथा इसके लिए यह नोएडा प्राधिकरण की सीईओ की भूरि-भूरि सराहना करते नहीं थक रहे हैं।