
Noida News (चेतना मंच)। यूपी के नोएडा के थाना सेक्टर 142 में एक महिला ने अपने पति के खिलाफ गाली गलौज व मारपीट करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि उससे मिलने आए मायके वालों के साथ उसके पति ने गाली गलौज व मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया।
नोएडा की सुपरटेक इको सिटी सोसाइटी में रहने वाली एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपने पति अमित सिंघल तथा बेटी के साथ रह रही है। गत दिनों उसके मामा अजय गोयल सहित अन्य परिजन उसके घर आए थे। महिला के मुताबिक उसके परिजनों को देखकर उसके पति अमित सिंघल ने उनके साथ गाली गलौज शुरू कर दी। इस दौरान अमित सिंघल ने उसके मामा के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया।
महिला का आरोप है कि उसके सास, ससुर को उसका रिश्ता पसंद नहीं था। शादी के बाद बेटी होने पर उसे ताने देने के साथ-साथ पति की दूसरी शादी करने की धमकी दी जा रही है। उसका पति भी अक्सर उसके साथ गाली गलौज कर मारपीट करता है। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।
नोएडा के थाना फेस 2 में दो भाइयों के खिलाफ शराब के नशे में गाली गलौज, मारपीट करने की कोशिश तथा धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
गेझा गांव निवासी अमित त्यागी ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि गत उनके पड़ोस में रहने वाले अंकुर त्यागी व मोहित त्यागी पुत्र स्वर्गीय राम अवतार त्यागी रात में उनके घर पर आए और गाली गलौज करने लगे। उन्होंने जब गाली गलौज का विरोध किया तो दोनों भाइयों ने मारपीट करने की कोशिश की। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी जिसके बाद आरोपी उन्हें देख लेने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक दोनों आरोपी शराब के नशे में थे। Noida News