
Noida News : नोएडा (गौतमबुद्धनगर) की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कुख्यात गैंगस्टर रणदीप भाटी गिरोह के शूटर योगेश डाबरा पर बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस आयुक्त न्यायालय ने डाबरा की करोड़ों की संपत्ति को कुर्क करने के आदोश दिए हैं।
अपराधियों के विरूद्ध नोएडा (गौतमबुद्धनगर) पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह लगातार कड़ी कार्यवाही कर रही हैं। पुलिस कमिश्नर जहां गैंगस्टर व माफियाओं पर कड़ी कानूनी कार्यवाही अमल में ला रही हैं। वहीं उनके आर्थिक साम्राज्य को भी खाक में मिला रही हैं।
पुलिस आयुक्त न्यायालय ने 14(1) गैंगस्टर एक्ट में कुख्यात गैंगस्टर रणदीप भाटी गैंग के शॉर्प शूटर योगेश डाबरा पुत्र श्यौराज निवासी डाबरा, थाना दादरी द्वारा अवैध रूप से अर्जित 554 स्क्वायर मीटर की ग्राम अजायबपुर स्थित मार्केट में दुकानों को कुर्क करने के आदेश दिए हैं। इसकी अनुमानित कीमत 5,00,40,075 रूपये बताई जाती है।
शॉर्प शूटर योगेश डाबरा पर कार्यवाही के साथ ही नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने गुंडा एक्ट में निरूद्ध बदमाशों को जिला बदर करने का आदेश दिया है। जिन बदमाशों को जिला बदर किया गया है उनमें अली रजा निवासी झुग्गी झोपड़ी सेक्टर-8, मो0 जफर खान, समीर अली, राकेश, मंगल, अनिल, मूला उर्फ मूलचंद, रज्जन, मुस्तकीम, जफरू, फिदाहुसैन, शराफत व मुकीम शामिल हैं। Noida News