
Noida News (चेतना मंच)। धोखाधड़ी से एटीएम कार्ड बदलकर लोगों को लाखों रुपये का चूना लगाने के आरोपी को थाना बिसरख पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के पास से विभिन्न बैंकों के 28 एटीएम कार्ड 20500 बरामद हुए हैं। पकड़े गए आरोपी ने गत दिनों एक युवक का एटीएम कार्ड बदलकर 20 हजार रूपये निकाल लिए थे।
थाना प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि गत दिनों किशनलाल शर्मा तथा धीरज कुमार ने मुकदमा दर्ज कराया था कि एटीएम बूथ में कुछ लोगों ने उन्हें अपनी बातों के जाल में उलझाकर एटीएम कार्ड बदल दिए थे। एटीएम कार्ड बदलने के बाद आरोपियों ने उनके खाते से पैसे निकाल लिए। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच पड़ताल की तो पता चला कि इन तमाम घटनाओं को राजेश उसके साथी अंजाम दे रहे हैं।
एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी आरोपियों की तमाम हरकतें कैद हुई थी। मुखबिर की सूचना के आधार पर खजूरकट पुराना हैबतपुर से आरोपी राजेश कुमार पुत्र रामलाल प्रसाद को गिरफ्तार किया गया। Noida News